Summer express, करनाल। जिले में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत करनाल पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। असंध क्षेत्र के गांव राहड़ा में पुलिस ने खेत में बने एक कोठे पर छापेमारी कर करीब 1000 लीटर लाहन बरामद किया है। हालांकि पुलिस के पहुंचने से पहले आरोपी मौके से फरार हो गया।
जानकारी के अनुसार देर शाम सब इंस्पेक्टर संदीप अपनी स्पेशल यूनिट असंध टीम के साथ गांव पंघाला बस अड्डे के पास गश्त और अपराध जांच में जुटे थे। इसी दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि राहड़ा निवासी अंतरपाल उर्फ पाली खेत में बने कोठे में अवैध रूप से शराब तैयार कर बेचने का धंधा चला रहा है।
सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने तुरंत बताए गए ठिकाने पर छापा मारा। पुलिस वाहनों को देखकर वहां मौजूद व्यक्ति खेतों के रास्ते फरार हो गया। तलाशी के दौरान पुलिस को कोठे में रखे प्लास्टिक के चार बड़े ड्रम मिले, जिनमें करीब 250-250 लीटर लाहन भरा हुआ था। कुल मिलाकर मौके से लगभग 1000 लीटर लाहन बरामद किया गया। इसके अलावा अवैध शराब बनाने में इस्तेमाल होने वाली भट्ठी भी पुलिस ने जब्त की।
मामले की सूचना मिलने पर एक्साइज इंस्पेक्टर नरेंद्र शर्मा को भी मौके पर बुलाया गया। जांच के बाद एक्साइज विभाग ने पुष्टि की कि बरामद सामग्री अवैध शराब बनाने के लिए तैयार की गई थी।
पुलिस ने कानूनी प्रक्रिया के तहत चारों ड्रमों से एक-एक लीटर लाहन के सैंपल लेकर उन्हें सील किया। अधिकारियों की मौजूदगी में बाकी लाहन को मौके पर ही नष्ट कर दिया गया। खाली ड्रम और सैंपल बोतलों को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है।
असंध थाना पुलिस ने आरोपी अंतरपाल उर्फ पाली निवासी राहड़ा के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपी की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है और उसे जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।