Summer express/मंडी,धर्मवीर -:द्रंग विधानसभा क्षेत्र के इलाका बदार के सीनियर सेकेंडरी स्कूल देवरी का उदघाटन मंत्री जी चाहकर भी नहीं कर पाए। रविवार को शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर क्षेत्र के दौरे पर थे और उन्होंने 4 करोड़ 69 लाख की लागत से देवरी स्कूल के नवनिर्मित भवन का उदघाटन करना था। इसकी बाकायदा शिलान्यास पट्टिका भी बना दी गई थी। लेकिन मंत्री के देवरी पहुंचने से पहले ही शिमला से इसका उदघाटन न करने का फरमान जारी हो गया। इस कारण आनन-फानन में उदघाटन पट्टिका को हटा दिया गया।
शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने यहां अन्य उदघाटन-शिलान्यास तो किए लेकिन देवरी स्कूल का उदघाटन नहीं कर पाए। इस बात को लेकर क्षेत्र के लोगों में चर्चा और आक्रोश है। देवरी पंचायत के प्रधान तुलसी राम ने कहा कि मंत्री जी द्वारा नवनिर्मित भवन का उदघाटन न करना हमारे लिए निराशाजनक है। क्षेत्र के लोग लंबे समय से इस भवन के उदघाटन का इंतजार कर रहे थे। सरकार को चाहिए कि इस भवन का या तो जल्द उदघाटन करवाए या फिर इसे फंग्शनल किया जाए।
क्या प्रियंका गांधी के हाथों होगा उदघाटन
बता दें कि देवरी स्कूल का भवन वर्ष 2023 की प्राकृतिक आपदा में पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया था। इसके बाद प्रियंका गांधी ने क्षेत्र का दौरा किया था तो यहां के लोगों से इस स्कूल भवन को जल्द बनाने का वादा किया था। प्रियंका के वादे को प्रदेश की कांग्रेस सरकार ने प्राथमिकता में लिया और भवन का कार्य जल्द पूरा करवा दिया। प्रदेश सरकार शायद यही चाह रही है कि इस भवन का उदघाटन खुद प्रियंका गांधी करे। लेकिन उनकी तरफ से समय न मिलने के कारण यह संभव नहीं हो पा रहा। यही कारण भी है कि शिक्षा मंत्री को इस उदघाटन से रोक दिया गया।
जब तक उदघाटन नहीं तब तक भवन का इस्तेमाल भी नहीं
1
यहां हैरानी करने वाली बात यह है कि जब तक स्कूल भवन का उदघाटन नहीं होगा तब तक इसे इस्तेमाल भी नहीं किया जाएगा। देवरी स्कूल के बच्चे भवन बनने के बाद भी इसकी सुविधा लेने से पूरी तरह से महरूम हैं और अभी भी स्कूल का संचालन अस्थाई तौर पर ही हो रहा है। ऐसे में लोगों में इस बात को लेकर आक्रोश बढ़ता जा रहा है कि जब भवन बनकर तैयार हो गया है तो फिर इसका उदघाटन क्यों नहीं किया जा रहा है।