Summer express/हमीरपुर, अरविंद- :मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू को लेकर भाजपा नेताओं की ओर से दिए जा रहे बयानों पर कांग्रेस ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। हमीरपुर जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुमन भारती ने कहा कि भाजपा नेताओं को प्रदेश की वास्तविक स्थिति देखने की जरूरत है। उनका कहना था कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में प्रदेश सरकार जनहित से जुड़ी योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू कर रही है, जिनका लाभ लोगों तक पहुंच रहा है और आम जनता भी इन प्रयासों की सराहना कर रही है।
सुमन भारती ने कहा कि सरकार के कार्यों और विकासात्मक योजनाओं के कारण कांग्रेस को जनता का लगातार समर्थन मिल रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि आगामी विधानसभा चुनाव में भी कांग्रेस मजबूती के साथ मैदान में उतरेगी और प्रदेश में दोबारा सरकार बनाएगी।कांग्रेस में गुटबाजी के भाजपा के आरोपों को खारिज करते हुए जिला अध्यक्ष ने कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार के नेतृत्व में संगठन पूरी तरह एकजुट होकर कार्य कर रहा है। उन्होंने पलटवार करते हुए कहा कि भाजपा के भीतर ही कई गुट सक्रिय हैं और पार्टी के वरिष्ठ नेताओं द्वारा समय-समय पर इस स्थिति को लेकर सार्वजनिक टिप्पणियां भी की जाती रही हैं। उनके अनुसार भाजपा में संगठनात्मक एकता का अभाव दिखाई दे रहा है।
राम मंदिर चंदा चोरी के मुद्दे पर सुमन भारती ने कहा कि कांग्रेस भगवान राम में पूर्ण आस्था रखती है, लेकिन भाजपा ने हमेशा धार्मिक भावनाओं का राजनीतिक लाभ उठाने का प्रयास किया है। उन्होंने मांग की कि चंदा चोरी के मामले की निष्पक्ष और विस्तृत जांच कराई जाए ताकि श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़े इस विषय की सच्चाई सामने आ सके।जिला कांग्रेस कार्यकारिणी के गठन को लेकर उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री से चर्चा के बाद संभावित पदाधिकारियों की सूची प्रदेश नेतृत्व को भेज दी गई है। उन्होंने कहा कि जल्द ही नई जिला कार्यकारिणी की घोषणा होगी, जिसके बाद संगठन को और मजबूत करते हुए आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों को गति दी जाएगी।