Summer express/मंडी, धर्मवीर -:अयोध्या स्थित रामलला के मंदिर में कथित तौर पर चढ़ावा व चंदा चोरी मामले पर विपक्षी दलों का केंद्र के खिलाफ विरोध प्रदर्शन लगातार जारी है। प्रमुख विपक्षी दल कांग्रेस के द्वारा भी इस मुददे पर केंद्र की भाजपा सरकार का अलग-अलग तरीकों से विरोध किया जा रहा है। इसी कड़ी में शुक्रवार को मंडी जिला के धर्मपुर विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस का चढ़ावा व चंदा चोरी मामले पर केंद्र के विरुद्ध अनोखा विरोध देखने को मिला। जिसमें कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने भगवान श्रीराम के नाम की मानव श्रृंखला बनाकर अपना विरोध प्रकट किया। ब्लॉक कांग्रेस धर्मपुर की आम सभा की बैठक के दौरान कार्यकर्ताओं का केंद्र के खिलाफ यह प्रदर्शन देखने को मिला।
इस मौके पर कांगेसी कार्यकर्ताओं ने केंद्र की मोदी सरकार की जनविरोधी नीतियों की भी आलोचना की। स्थानीय विधायक चंद्रशेखर ने कहा कि राम मंदिर चंदा प्रकरण को लेकर प्रदेश कांग्रेस पूरी तरह मुखर है। जब तक इस प्रकरण के वास्तविक दोषियों की पहचान कर उनके विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई नहीं की जाती और कथित रूप से गबन की गई पूरी राशि दानपात्र में वापस जमा नहीं करवाई जाती, तब तक कांग्रेस इस मुद्दे को निरंतर उठाती रहेगी। चंद्रशेखर ने कहा कि भगवान के घर देर हो सकती है, लेकिन अंधेर नहीं। जिन्होंने यह गुनाह किया है, उन्हें अपने कर्मों की सजा अवश्य मिलेगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी जनहित से जुड़े मुद्दों को लगातार जनता के बीच उठाती रहेगी और देश के समग्र विकास के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करती रहेगी।