Summer express, अंकुर कपूर , अंबाला | भारत-अमेरिका के बीच प्रस्तावित ट्रेड डील के विरोध में मंगलवार को अंबाला में विभिन्न किसान संगठनों ने संयुक्त रूप से जोरदार प्रदर्शन किया। किसानों ने बाइक रैली निकालकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और उपायुक्त कार्यालय पहुंचकर अपनी मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपा। किसानों का कहना है कि प्रस्तावित ट्रेड डील देश के किसानों, मजदूरों और छोटे व्यापारियों के हितों के विपरीत है, इसलिए इसे तत्काल रद्द किया जाना चाहिए।
बड़ी संख्या में किसान बाइक रैली के रूप में शहर की सड़कों पर उतरे और सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारी किसानों का आरोप था कि यदि यह ट्रेड डील लागू होती है तो विदेशी उत्पादों के लिए भारतीय बाजार खुल जाएगा, जिससे देश के कृषि क्षेत्र को बड़ा नुकसान होगा। उनका कहना है कि इससे किसानों की आय प्रभावित होगी और छोटे व्यापारियों के सामने भी आर्थिक संकट खड़ा हो जाएगा।
उपायुक्त कार्यालय पहुंचकर किसानों ने राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपते हुए केंद्र सरकार से प्रस्तावित समझौते को वापस लेने की मांग की। किसान नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार नहीं किया तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।
किसान नेताओं ने बताया कि 21 जुलाई को दिल्ली स्थित किसान घाट पर देशभर के किसान एकत्रित होंगे। वहां भारत-अमेरिका ट्रेड डील के विरोध में बड़ा प्रदर्शन किया जाएगा और आंदोलन की आगामी रणनीति तय की जाएगी। किसानों ने कहा कि सरकार ने यदि उनकी आवाज नहीं सुनी तो देशव्यापी आंदोलन शुरू किया जाएगा।