Summer express, सिरसा। शहर में पेयजल आपूर्ति को सुदृढ़ बनाने की दिशा में जन स्वास्थ्य एवं अभियांत्रिकी विभाग ने बड़ी प्रगति करते हुए 10 में से 9 नए ट्यूबवेल स्थापित कर उनका संचालन शुरू कर दिया है। एक ट्यूबवेल का कार्य स्थान परिवर्तन के कारण अभी लंबित है, जिसे विभाग जल्द पूरा करने का दावा कर रहा है। नए ट्यूबवेल शुरू होने से शहर के कई इलाकों में लंबे समय से बनी पेयजल समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है।
शहर के बाहरी और प्रभावित क्षेत्रों में पानी की कमी को लेकर स्थानीय लोग लंबे समय से नए ट्यूबवेल लगाने और जलापूर्ति व्यवस्था मजबूत करने की मांग कर रहे थे। इसी के मद्देनजर करीब दो महीने पहले विभाग ने सर्वे कर उन कॉलोनियों की पहचान की, जहां भूमिगत जल स्तर कम हो चुका था या पानी की उपलब्धता प्रभावित थी। इसके बाद 10 नए ट्यूबवेल लगाने की योजना पर काम शुरू किया गया।
विभाग की योजना के तहत जन कल्याण कॉलोनी, शांतिनगर, सुख सागर कॉलोनी, कारखाने वाली गली, ग्रेवाल बस्ती, एमआईटीसी कॉलोनी, एमसी कॉलोनी स्थित शिव मंदिर के पास, रविदास मंदिर क्षेत्र, बंसल कॉलोनी और केवी नंबर-2 स्कूल के समीप ट्यूबवेल लगाए जाने थे। इनमें से नौ स्थानों पर कार्य पूरा हो चुका है। वहीं रानियां रोड स्थित गुरुद्वारे के पास प्रस्तावित ट्यूबवेल का स्थान बदलकर रविदास मंदिर वाली गली कर दिया गया, जिसके चलते एक ट्यूबवेल का निर्माण अभी बाकी है।
हालांकि शहर के शाह सतनाम चौक से कंगनपुर रोड और फौजी चौक क्षेत्र में अब भी पेयजल संकट बना हुआ है। स्थानीय निवासी यहां नए ट्यूबवेल की मांग लगातार उठा रहे हैं। बताया जा रहा है कि विधायक कोटे से ट्यूबवेल लगाने की मंजूरी मिल चुकी है, लेकिन निर्माण कार्य अब तक शुरू नहीं हो पाया है। हाल ही में पेयजल संकट से परेशान लोगों ने कंगनपुर रोड पर जाम लगाकर भी विरोध दर्ज कराया था।
जन स्वास्थ्य एवं अभियांत्रिकी विभाग के एसडीओ दीपक कुमार ने बताया कि शहर में नौ नए ट्यूबवेल चालू किए जा चुके हैं और एक शेष ट्यूबवेल का कार्य भी जल्द पूरा कर लिया जाएगा। उनके अनुसार सभी ट्यूबवेल शुरू होने के बाद शहर की पेयजल व्यवस्था में उल्लेखनीय सुधार होगा और प्रभावित क्षेत्रों के लोगों को राहत मिलेगी।