Summer express/ऊना/राकेश-: ऊना जिला परिषद के अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष पद के चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने संगठनात्मक स्तर पर अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने चुनाव प्रक्रिया के सुचारु संचालन और समन्वय के उद्देश्य से भाजपा विधायक एवं प्रदेश मीडिया विभाग प्रभारी रणधीर शर्मा को विशेष पर्यवेक्षक नियुक्त किया है। इस संबंध में प्रदेश भाजपा कार्यालय द्वारा आधिकारिक अधिसूचना जारी कर दी गई है।
भाजपा द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार, रणधीर शर्मा पहले से गठित वरिष्ठ नेताओं की टीम के साथ मिलकर चुनाव प्रक्रिया की निगरानी और समन्वय का दायित्व निभाएंगे। इस टीम में विधायक एवं पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती, विधायक एवं प्रदेश उपाध्यक्ष राजेश ठाकुर, जिलाध्यक्ष शाम मिन्हास तथा जिला सह प्रभारी विशाल चौहान शामिल हैं। पार्टी नेतृत्व का मानना है कि अनुभवी नेताओं की मौजूदगी से चुनाव प्रक्रिया सुव्यवस्थित और संगठनात्मक अनुशासन के अनुरूप संपन्न होगी।प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने कहा कि भाजपा सामूहिक नेतृत्व, संगठनात्मक एकजुटता और लोकतांत्रिक मूल्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता देती है। उन्होंने विश्वास जताया कि नियुक्त सभी पदाधिकारी अपनी जिम्मेदारियों का प्रभावी ढंग से निर्वहन करते हुए जिला परिषद अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के चुनाव को सफल बनाएंगे।उन्होंने यह भी कहा कि पार्टी प्रदेश के हर स्तर पर संगठन को मजबूत बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है और स्थानीय निकायों में भी संगठनात्मक समन्वय को प्राथमिकता दी जा रही है। भाजपा नेतृत्व ने सभी जिम्मेदार पदाधिकारियों से अपेक्षा की है कि वे संगठन की रीति-नीति का पालन करते हुए चुनाव प्रक्रिया को निष्पक्ष, अनुशासित और सफल बनाने में सक्रिय भूमिका निभाएं।