Summer express, विकास शर्मा , चिंतपूर्णी। हिमाचल प्रदेश के प्रसिद्ध शक्तिपीठ माता चिंतपूर्णी मंदिर में एक श्रद्धालु की अटूट आस्था का अनोखा उदाहरण देखने को मिला। पंजाब के फरीदकोट निवासी गौरव ने अपनी मनोकामना पूर्ण होने पर माता रानी के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हुए भरवाई गेट से माता चिंतपूर्णी मंदिर तक दंडवत यात्रा शुरू की। श्रद्धा और विश्वास से भरी इस कठिन यात्रा ने वहां मौजूद श्रद्धालुओं का ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया।
गौरव ने बताया कि उन्होंने कुछ समय पहले माता चिंतपूर्णी के दरबार में एक विशेष मन्नत मांगी थी, जो माता की कृपा से पूरी हो गई। उन्होंने अपनी मनोकामना का खुलासा नहीं किया, लेकिन कहा कि माता के आशीर्वाद के प्रति आभार व्यक्त करने के लिए वह दूसरी बार दंडवत यात्रा कर रहे हैं। उनका कहना है कि यह यात्रा उनके लिए केवल एक धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि माता के प्रति अटूट विश्वास और समर्पण का प्रतीक है।
श्रद्धालु के अनुसार भरवाई स्थित प्रवेश द्वार से माता चिंतपूर्णी के मुख्य मंदिर तक की यह यात्रा करीब पांच से साढ़े पांच किलोमीटर लंबी है। उन्होंने बताया कि मंदिर के कपाट रात में बंद होने के बावजूद उन्होंने अपनी यात्रा नहीं रोकी। पूरी रात दंडवत करते हुए आगे बढ़ते रहे और सुबह माता रानी के दरबार में पहुंचकर माथा टेकने का संकल्प लिया।
इस कठिन यात्रा में गौरव अकेले नहीं थे। उनके परिवार के सदस्य भी हर कदम पर उनके साथ चलते रहे और उनका उत्साह बढ़ाते रहे। उनके साथ उनके बड़े भाई, चाचा का बेटा और मामा का बेटा भी मौजूद रहे, जिन्होंने पूरी यात्रा के दौरान उनका सहयोग किया। परिवार के सदस्यों ने बताया कि यह यात्रा शारीरिक रूप से बेहद कठिन होती है, लेकिन माता के प्रति श्रद्धा हर कठिनाई को आसान बना देती है।
गौरव ने बताया कि वह नियमित रूप से माता चिंतपूर्णी के दर्शन के लिए आते हैं और हर वर्ष लगने वाले मेले में भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराते हैं। उन्होंने कहा कि माता चिंतपूर्णी अपने भक्तों की सच्चे मन से की गई प्रार्थना अवश्य सुनती हैं। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं से अपील की कि जीवन में कम से कम एक बार माता चिंतपूर्णी के दरबार में अवश्य आएं और माता का आशीर्वाद प्राप्त करें।
गौरव की इस आस्था और समर्पण को देखकर मंदिर परिसर में मौजूद श्रद्धालु भी भावुक हो उठे। पूरा वातावरण “जय माता दी” के जयकारों से गूंज उठा और श्रद्धालु उनकी इस कठिन तपस्या की सराहना करते नजर आए।