Summer express/अंबाला:-अंबाला कैंट के कच्चा बाजार इलाके में देर रात दो पक्षों के बीच हिंसक झड़प हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों ओर से शराब की बोतलें और ईंटें चलने लगीं, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। इस घटना में बोनी नाम का एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे परिजन तत्काल इलाज के लिए अंबाला कैंट सिविल अस्पताल लेकर पहुंचे। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।
परिजनों के अनुसार कुछ लोग पहले उनके घर पहुंचे और महिला से सामान्य बातचीत करने के बाद उसके बेटे का मोबाइल नंबर लिया। इसके बाद उन्होंने बोनी को फोन कर मिलने के बहाने बुलाया। आरोप है कि जैसे ही वह मौके पर पहुंचा, पहले से मौजूद लोगों ने उस पर हमला कर दिया। हमलावरों ने युवक के साथ बेरहमी से मारपीट की, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजनों का यह भी आरोप है कि वारदात के बाद आरोपी दोबारा उनके घर पहुंचे और परिवार के साथ अभद्र व्यवहार किया, जिससे परिवार दहशत में है।घटना के बाद स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जमा हो गई। घायल युवक को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है। घटना से क्षेत्र में तनाव का माहौल बना हुआ है।मामले की सूचना मिलते ही सदर थाना अंबाला कैंट पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है और पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटाई जा रही है।सदर थाना अंबाला कैंट के एएसआई मनजीत सिंह ने बताया कि दो पक्षों के बीच मारपीट की घटना सामने आई है। पीड़ित परिवार को सुबह थाने बुलाया गया है। उनके बयान के आधार पर मामले की जांच की जाएगी और जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके अनुसार कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। पुलिस का कहना है कि किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।