Summer express/मंडी, धर्मवीर -:मंडी शहर से सटे अरड़ा स्कोर गांव में रविवार देर रात तेंदुए के हमले से एक गरीब परिवार की आजीविका पर संकट खड़ा हो गया। तेंदुए ने गोशाला का दरवाजा तोड़कर अंदर घुसते हुए तीन भेड़ों को मार डाला। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है और ग्रामीण वन विभाग से तेंदुए को पकड़ने तथा सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग कर रहे हैं।
पीड़ित महिला बिमला देवी ने बताया कि वह विधवा हैं और शहर में लोगों के घरों में काम करके अपने दो पोतों का पालन-पोषण करती हैं। उनके पति और बेटे का पहले ही निधन हो चुका है। परिवार की आर्थिक स्थिति बेहद कमजोर है और भेड़ पालन ही उनकी अतिरिक्त आय का मुख्य साधन था।सोमवार सुबह जब वह रोज की तरह गोशाला पहुंचीं तो दरवाजा टूटा हुआ मिला। अंदर का दृश्य देखकर उनके होश उड़ गए। तीनों भेड़ें मृत पड़ी थीं और उनकी गर्दनों पर गहरे घाव थे, जिससे स्पष्ट था कि तेंदुए ने उन पर हमला किया था। इनमें से एक भेड़ गर्भवती भी थी। बिमला देवी के अनुसार मारी गई भेड़ों की कीमत 70 हजार रुपये से अधिक थी, जिससे उन्हें भारी आर्थिक नुकसान हुआ है।घटना के बाद बिमला देवी ने उपमंडलाधिकारी (सदर) को ज्ञापन सौंपकर आर्थिक सहायता की मांग की है। साथ ही वन विभाग को भी इस घटना की सूचना देकर प्रभावित क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और तेंदुए की गतिविधियों पर निगरानी रखने का आग्रह किया गया है।ग्रामीणों का कहना है कि रिहायशी इलाकों में लगातार वन्यजीवों की बढ़ती आवाजाही चिंता का विषय बनती जा रही है। लोगों को अपने पशुओं के साथ-साथ परिवार की सुरक्षा की भी चिंता सताने लगी है। ग्रामीणों ने प्रशासन और वन विभाग से जल्द प्रभावी कदम उठाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।