Summer express/धर्मशाला ,राहुल-: भाजपा विधायक सुधीर शर्मा ने देहरा के पूर्व विधायक होशियार सिंह के खिलाफ विजिलेंस द्वारा दर्ज मामले को राजनीतिक प्रतिशोध बताते हुए प्रदेश सरकार पर जांच एजेंसियों के दुरुपयोग का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि इस मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और जांच एजेंसियों को किसी भी प्रकार के राजनीतिक दबाव से मुक्त रखा जाना चाहिए।
जारी बयान में सुधीर शर्मा ने कहा कि विधायक ऐच्छिक निधि का उद्देश्य जनहित के कार्यों और जरूरतमंद लोगों की सहायता करना है तथा वर्षों से सभी विधायक इसी प्रक्रिया के तहत राशि जारी करते रहे हैं। उनका कहना था कि ऐसे में होशियार सिंह के खिलाफ दर्ज मामला कई सवाल खड़े करता है। उन्होंने आरोप लगाया कि पर्याप्त जांच-पड़ताल के बिना प्राथमिकी दर्ज की गई, जिससे कार्रवाई की निष्पक्षता पर सवाल उठते हैं।
भाजपा विधायक ने दावा किया कि कांगड़ा केंद्रीय सहकारी बैंक द्वारा चुनाव के दौरान महिला मंडलों को वितरित राशि को लेकर उठे विवाद के बाद सरकार विपक्षी नेताओं को निशाना बना रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में सरकार की नीतियों पर सवाल उठाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है, जो लोकतांत्रिक मूल्यों के विपरीत है।सुधीर शर्मा ने यह भी दावा किया कि होशियार सिंह की ओर से देहरा की विधायक कमलेश ठाकुर के खिलाफ की गई शिकायत पर जांच चल रही है। उनके अनुसार, उसी मामले से ध्यान हटाने के उद्देश्य से विजिलेंस की कार्रवाई की गई है। उन्होंने कहा कि भाजपा इस मुद्दे को जनता के बीच उठाएगी और सरकार की कथित प्रतिशोधात्मक राजनीति का विरोध करेगी।
कांग्रेस सरकार पर विकास कार्यों की अनदेखी का आरोप
सुधीर शर्मा ने कांग्रेस सरकार पर विकास कार्यों की उपेक्षा का आरोप लगाते हुए कहा कि सत्ता में आने के बाद कई जनकल्याणकारी योजनाएं बंद कर दी गई हैं और विकास परियोजनाओं की रफ्तार धीमी पड़ गई है। उन्होंने बैजनाथ आईटीआई भवन का उदाहरण देते हुए कहा कि भुगतान लंबित रहने के कारण संबंधित ठेकेदार को भवन पर ताला लगाने की नौबत आ गई, जो सरकार की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करता है।