Summer express/शिमला-:कांगड़ा जिले की बोह घाटी में बादल फटने से प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं पुनर्वास कार्य तेज़ी से जारी है। जिला प्रशासन द्वारा प्रभावित परिवारों को तत्काल आर्थिक सहायता और आवश्यक राहत सामग्री उपलब्ध करवाई जा रही है।प्रशासन के अनुसार, जिन 19 परिवारों के मकान पूरी तरह क्षतिग्रस्त हुए हैं, उन्हें तत्काल राहत के रूप में 25-25 हजार रुपये तथा दैनिक उपयोग की आवश्यक सामग्री की किट प्रदान की गई है। वहीं, आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त 17 मकानों के प्रभावित परिवारों को 10-10 हजार रुपये की सहायता राशि वितरित की गई है।
प्रभावित क्षेत्रों में सड़कों, पेयजल आपूर्ति और अन्य आवश्यक सेवाओं की बहाली के लिए संबंधित विभाग युद्ध स्तर पर कार्य कर रहे हैं। प्रशासन का कहना है कि सामान्य जनजीवन को जल्द से जल्द पटरी पर लाने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।इस बीच, मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने दूरभाष के माध्यम से प्रभावित परिवारों से बातचीत कर उनका हालचाल जाना और उन्हें हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार आपदा प्रभावित लोगों के साथ मजबूती से खड़ी है तथा राहत एवं पुनर्वास कार्यों में किसी प्रकार की कमी नहीं आने दी जाएगी।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि वह शीघ्र ही प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर स्थिति का प्रत्यक्ष आकलन करेंगे। साथ ही, आगामी दिनों में भारी वर्षा की संभावना को देखते हुए प्रदेशवासियों से सतर्क रहने और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की।