एजेंसी | नई दिल्ली
हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में होने वाली प्रसिद्ध मणिमहेश यात्रा के लिए इस बार बिना पंजीकरण श्रद्धालुओं को यात्रा मार्ग पर प्रवेश नहीं दिया जाएगा। प्रशासन ने यात्रा को व्यवस्थित और सुरक्षित बनाने के लिए ऑनलाइन पंजीकरण व्यवस्था लागू करने का फैसला किया है। श्रद्धालु एक अगस्त से ऑनलाइन पंजीकरण करा सकेंगे। इसके लिए 50 रुपये शुल्क निर्धारित किया गया है। इससे यात्रा में आने वाले श्रद्धालुओं की वास्तविक संख्या का अनुमान लगाने और भीड़ को नियंत्रित करने में मदद मिलेगी।
मणिमहेश यात्रा हिमाचल के प्रमुख धार्मिक आयोजनों में शामिल है और हर साल बड़ी संख्या में श्रद्धालु मणिमहेश झील में पवित्र स्नान के लिए पहुंचते हैं।