Summer express, मंडी। हिमाचल प्रदेश के मंडी शहर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ सार्वजनिक दीवारों पर लिखे गए आपत्तिजनक स्लोगनों का मामला सामने आने के बाद नगर निगम ने उन्हें तत्काल हटवा दिया है। घटना के बाद मंडी पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपियों की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।
जानकारी के अनुसार, शहर के बीचोंबीच स्थित इंदिरा मार्केट की छत की दीवारों पर रात के समय अज्ञात लोगों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ अभद्र भाषा का इस्तेमाल करते हुए स्लोगन लिख दिए। सुबह लोगों की नजर इन स्लोगनों पर पड़ी तो उन्होंने इसकी सूचना पुलिस को दी। नगर निगम की टीम ने मौके पर पहुंचकर दीवारों से आपत्तिजनक लिखावट को तुरंत साफ करा दिया।
जिस स्थान पर यह घटना हुई, वह शहर का अत्यंत संवेदनशील क्षेत्र माना जाता है। यहां से कुछ ही दूरी पर शहरी पुलिस चौकी, पुलिस अधीक्षक (एसपी) कार्यालय और उपायुक्त (डीसी) कार्यालय स्थित हैं। ऐसे में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।
इस मामले में शिकायतकर्ता भगवाहन मोहल्ला निवासी चंदन ने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि दोषियों की जल्द पहचान कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाए और सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वालों के खिलाफ कड़ा संदेश दिया जाए।
घटना के बाद शहर के लोगों में भी नाराजगी देखने को मिली। स्थानीय निवासी नीरज हांडा ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में सभी को अपनी बात रखने और शांतिपूर्ण ढंग से विरोध जताने का अधिकार है, लेकिन किसी भी व्यक्ति या संवैधानिक पद पर बैठे व्यक्ति के खिलाफ सार्वजनिक स्थानों पर अभद्र भाषा का प्रयोग करना उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि विरोध हमेशा मर्यादित और कानून के दायरे में रहकर होना चाहिए।
मंडी नगर निगम की मेयर सुमन ठाकुर ने बताया कि इंदिरा मार्केट की दीवारों पर लिखे गए आपत्तिजनक स्लोगनों को तुरंत हटवा दिया गया है। वहीं, मंडी के पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने बताया कि इस मामले में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। पुलिस तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने में जुटी है। उन्होंने कहा कि जांच पूरी होने के बाद दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।