Summer express, आरविंदर सिंह ,हमीरपुर। हिमाचल प्रदेश कृषि विपणन बोर्ड के अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक कुलदीप पठानिया ने विपक्षी नेताओं पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि केवल पैसे के दम पर राजनीति करने वाले नेताओं का राजनीतिक भविष्य अधिक समय तक टिकने वाला नहीं है। उन्होंने दावा किया कि ऐसे लोगों का राजनीतिक जहाज जल्द जनता के बीच डूब जाएगा और इसकी शुरुआत हमीरपुर जिले से होती दिखाई दे रही है।
मीडिया से बातचीत में कुलदीप पठानिया ने बिना नाम लिए सुजानपुर के पूर्व विधायक राजेंद्र राणा और हमीरपुर सदर के विधायक आशीष शर्मा पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि राजेंद्र राणा ने समाज सेवा के नाम पर राजनीति की शुरुआत की थी, लेकिन अब उनकी राजनीति का स्वरूप पूरी तरह बदल चुका है। उन्होंने आरोप लगाया कि दोनों नेता लगातार मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के खिलाफ बेबुनियाद बयानबाजी कर रहे हैं, जबकि प्रदेश सरकार विकास और जनकल्याण के कार्यों को प्राथमिकता दे रही है।
पठानिया ने कहा कि मुख्यमंत्री सुक्खू ने कठिन आर्थिक परिस्थितियों के बावजूद प्रदेश को वित्तीय संकट से उबारने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। उनके नेतृत्व में सरकार समाज के हर वर्ग के हित में योजनाएं लागू कर रही है और प्रदेश के समग्र विकास के लिए लगातार काम कर रही है।
उन्होंने हमीरपुर सदर के विधायक पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि एक ओर वे आरोप लगाते हैं कि मुख्यमंत्री उनके क्षेत्र के विकास कार्य नहीं कर रहे, वहीं दूसरी ओर यह भी दावा करते हैं कि हमीरपुर गर्ल्स स्कूल के प्रस्तावित मर्जर को उनकी मांग पर रद्द किया गया। पठानिया ने इसे विरोधाभासी बताते हुए कहा कि जनता अब ऐसे दोहरे रवैये को अच्छी तरह समझ चुकी है।
पूर्व विधायक ने कहा कि समाज सेवा का मुखौटा पहनकर लंबे समय तक राजनीति नहीं की जा सकती। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री के खिलाफ कई बार राजनीतिक साजिशें रची गईं, लेकिन अपनी मेहनत और कार्यशैली के दम पर मुख्यमंत्री ने जनता का विश्वास हासिल किया है और आज वे प्रदेश के नेतृत्व की मजबूत पहचान बन चुके हैं।
कुलदीप पठानिया ने यह भी कहा कि हिमाचल प्रदेश में सरकार ने राजनीतिक अस्थिरता पैदा करने के प्रयासों को विफल किया है। उन्होंने विपक्षी नेताओं से व्यक्तिगत हितों की राजनीति छोड़कर जनता के मुद्दों पर गंभीरता से काम करने की अपील करते हुए कहा कि प्रदेश के विकास और जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता मिलनी चाहिए।