Summer express/बिलासपुर, सुभाष-: ग्राम पंचायत औहर में आयोजित ग्राम सभा के दौरान हुए विवाद को लेकर मामला प्रशासन तक पहुंच गया है। पंचायत की पूर्व प्रधान एवं पूर्व जिला परिषद सदस्य प्रेमलता ठाकुर के नेतृत्व में पूर्व जनप्रतिनिधियों के एक प्रतिनिधिमंडल ने उपायुक्त राहुल कुमार और पुलिस अधीक्षक अभिषेक धीमान से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर उचित कार्रवाई करने की मांग की।
प्रेमलता ठाकुर ने आरोप लगाया कि ग्राम सभा के दौरान वर्तमान पंचायत प्रतिनिधियों द्वारा महिलाओं के साथ अभद्र व्यवहार किया गया और आपत्तिजनक टिप्पणियां की गईं। उनका कहना है कि विरोध करने पर धक्का-मुक्की की गई तथा सार्वजनिक रूप से उनके परिवार के बारे में भी अपमानजनक बातें कही गईं।उन्होंने दावा किया कि घटना का वीडियो उपलब्ध है, जिसमें पूरा घटनाक्रम स्पष्ट रूप से देखा जा सकता है। साथ ही बताया कि इस संबंध में थाना घुमारवीं में शिकायत भी दर्ज कराई गई है।प्रतिनिधिमंडल ने प्रशासन से आग्रह किया कि मामले की निष्पक्ष जांच सुनिश्चित कर दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई की जाए। उनका कहना था कि जनप्रतिनिधियों का व्यवहार लोकतांत्रिक मूल्यों और मर्यादाओं के अनुरूप होना चाहिए तथा महिलाओं के सम्मान से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाना चाहिए।ज्ञापन सौंपने के दौरान कई पूर्व पंचायत प्रतिनिधि और स्थानीय ग्रामीण भी प्रतिनिधिमंडल के साथ मौजूद रहे।