Hamirpur, Arvind Singh- जिला पुलिस द्वारा चलाए जा रहे “वॉर अगेंस्ट ड्रग्स – नशे के विरुद्ध एक युद्ध” अभियान के अंतर्गत गुरुवार को टाउन हॉल हमीरपुर में एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता पुलिस अधीक्षक हमीरपुर, भगत सिंह ठाकुर ने की। इस आयोजन में विभिन्न विभागों के अधिकारियों, पंचायत प्रतिनिधियों और बड़ी संख्या में स्कूली छात्रों ने भाग लिया।
कार्यक्रम के दौरान सभी उपस्थित लोगों ने नशे के खिलाफ एकजुट होकर लड़ने का संकल्प लिया। छात्रों ने अपने विचार भाषण प्रतियोगिता के माध्यम से प्रस्तुत किए और नशे के दुष्प्रभावों को लेकर जागरूकता फैलाई।इस मौके पर विशेषज्ञों ने नशे की सामाजिक, मानसिक और शारीरिक हानियों के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी और इसके समाधान पर चर्चा की। एक जागरूकता वीडियो भी दिखाया गया, जिसमें युवाओं को नशे से दूर रहने और इसके दुष्प्रभावों को समझने का संदेश दिया गया।
छात्रों और अधिकारियों ने लिया संकल्प
पुलिस अधीक्षक भगत सिंह ठाकुर ने बताया कि पुलिस की लगातार कोशिशों और पंचायत प्रतिनिधियों के सहयोग से नशे के कई मामलों का खुलासा हुआ है। खासकर चिट्टे (सिंथेटिक ड्रग) के खिलाफ अभियान में ठोस नतीजे सामने आए हैं। उन्होंने कहा कि यदि इसी तरह समाज का सहयोग मिलता रहा तो नशा मुक्त हमीरपुर का सपना साकार हो सकता है।उन्होंने आगे बताया कि नशे की समस्या से निपटने के लिए पुलिस अधिकारियों के संपर्क नंबर सार्वजनिक किए गए हैं, ताकि लोग बेझिझक सूचना दे सकें। इससे पुलिस को कई अहम सुराग मिले हैं और कार्रवाई भी हुई है।पुलिस अधीक्षक ने सभी नागरिकों से अपील की कि वे इस अभियान का हिस्सा बनें और अपने घर-परिवार व समाज को नशे की गिरफ्त से बचाने में मदद करें।