Summer express, चंडीगढ़ (अंकुर कपूर)। हरियाणा सरकार ने विभिन्न सामाजिक सुरक्षा और जनकल्याणकारी योजनाओं के तहत बड़ी संख्या में लाभार्थियों के खातों में सहायता राशि जारी की है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बताया कि सरकार की ओर से अलग-अलग विभागों के माध्यम से हर महीने पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ सीधे उनके बैंक खातों तक पहुंचाया जा रहा है। सोमवार को कुल 50 लाख 4 हजार लाभार्थियों के खातों में करीब 1,595 करोड़ रुपये की राशि हस्तांतरित की गई।
मुख्यमंत्री ने बताया कि सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के तहत 34.93 लाख लाभार्थियों को 1,124 करोड़ रुपये की राशि जारी की गई है। वहीं लाडो लक्ष्मी योजना के तहत 9.98 लाख लाभार्थियों के खातों में 209.62 करोड़ रुपये की दसवीं किस्त पहुंचाई गई। दयालु योजना के तहत 6,224 लाभार्थियों को 234.77 करोड़ रुपये और हर घर-हर गृहिणी योजना के तहत 4.94 लाख लाभार्थियों के लिए 19.17 करोड़ रुपये जारी किए गए हैं।
नायब सिंह सैनी ने कहा कि लाडो लक्ष्मी योजना की दस किस्तों के माध्यम से अब तक 2,042.31 करोड़ रुपये की राशि पात्र महिलाओं को दी जा चुकी है। सरकार ने योजना के लिए पहले बजट में 5,000 करोड़ रुपये का प्रावधान किया था, जिसे अब बढ़ाकर 6,500 करोड़ रुपये कर दिया गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि लाडो लक्ष्मी योजना की पात्र महिलाओं को किसी अन्य सरकारी योजना का लाभ मिलने में कोई बाधा नहीं आएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार की योजनाओं का उद्देश्य पात्र लोगों को समय पर आर्थिक सहायता उपलब्ध कराना है। बुजुर्गों को पेंशन के लिए अब सरकारी दफ्तरों के चक्कर लगाने की आवश्यकता नहीं पड़ती। विभिन्न योजनाओं की राशि सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में भेजी जा रही है, जिससे पारदर्शिता के साथ लाभ पहुंचाना सुनिश्चित किया जा रहा है।
किसानों के लिए भी सरकार ने हरित खेती को बढ़ावा देने की दिशा में कदम उठाए हैं। मुख्यमंत्री के अनुसार हरित खाद को प्रोत्साहित करने के लिए 13,237 किसानों को ढैंचा और मूंग की फसलों के लिए करीब 7 करोड़ रुपये की प्रोत्साहन राशि जारी की गई है। उन्होंने कहा कि सरकार किसानों को पर्यावरण अनुकूल और टिकाऊ खेती की ओर प्रोत्साहित करने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।
मुख्यमंत्री ने विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस को लेकर भी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि 14 अगस्त 1947 की रात विभाजन के कारण देश के लाखों परिवारों को भारी पीड़ा और विस्थापन का सामना करना पड़ा था। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर 14 अगस्त को विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के रूप में मनाया जाता है, ताकि विभाजन के दौरान झेली गई त्रासदी को याद रखा जा सके और आने वाली पीढ़ियों को उसके बारे में जानकारी दी जा सके।
उन्होंने बताया कि विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस का राज्य स्तरीय कार्यक्रम गुरुग्राम में आयोजित किया जाएगा। इसके साथ ही हरियाणा में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश में हर घर तिरंगा अभियान की शुरुआत की थी और इसका उद्देश्य प्रत्येक नागरिक में राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान और राष्ट्रीय भावना को मजबूत करना है।