Summer express/राहुल चावला/धर्मशाला। कांग्रेस नेता एवं पूर्व मेयर देवेंद्र जग्गी ने नगर निगम धर्मशाला के मेयर पर निशाना साधते हुए उन्हें राजनीतिक गतिविधियों के बजाय शहर के विकास और जनता की समस्याओं पर ध्यान केंद्रित करने की सलाह दी है। पत्रकारों से बातचीत में जग्गी ने कहा कि मेयर का पद जनता की सेवा और शहर के विकास के लिए है, इसलिए इस जिम्मेदारी को प्राथमिकता के साथ निभाया जाना चाहिए।
जग्गी ने विरोध प्रदर्शन के दौरान सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने के लगाए जा रहे आरोपों पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि प्रदर्शन के दौरान मौके पर बड़ी संख्या में पत्रकार और कैमरे मौजूद थे। ऐसे में यदि सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचा है तो यह स्पष्ट किया जाना चाहिए कि आखिर किस संपत्ति को नुकसान पहुंचा है और नुकसान किस तरह हुआ। उन्होंने यह भी कहा कि प्रदर्शन के लिए पहले से अनुमति ली गई थी।कांग्रेस नेता ने कहा कि धर्मशाला में बारिश के कारण कई स्थानों पर नुकसान हो रहा है और ऐसे समय में नगर निगम प्रशासन को जमीनी स्तर पर सक्रिय होकर लोगों की समस्याओं का समाधान करना चाहिए। उन्होंने मेयर से आग्रह किया कि वे प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर स्थिति का जायजा लें और शहर के विकास के लिए ठोस योजना तैयार करें।जग्गी ने कहा कि मेयर को पद संभाले अभी ज्यादा समय नहीं हुआ है, इसलिए उन्हें कामकाज को समझने और सीखने का पूरा अवसर मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि समय के साथ मेयर को खुद महसूस होगा कि शहर के विकास के लिए किन मुद्दों को प्राथमिकता देना जरूरी है।उन्होंने कहा कि जनता ने मेयर को महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है। ऐसे में उनसे अपेक्षा है कि वे राजनीतिक दबाव में आए बिना जनता की समस्याओं, मूलभूत सुविधाओं और शहर के विकास से जुड़े मुद्दों पर गंभीरता से काम करें।