मंडी गोबिंदगढ़ का बड़ा स्टील व्यापारी धोखाधड़ी में शामिल
जमीन की बिक्री पर रोक के लिए याचिका दायर
आरोपितों के पासपोर्ट जब्त व लुकआउट नोटिस की अपील
समर न्यूज | मोहाली
मोहाली की 51 एकड जमीन की धोखाधड़ी में मंडी गोबिंदगढ़ का एक बड़ा स्टील व्यापारी भी शामिल है। सेक्टर 65 की जमीन को दस्तावेजों में गड़बड़ी कर हथियाया गया। आरोपित आदर्श गर्ग, परवीन गर्ग और वेद प्रकाश गर्ग अपने फोन ओर कंपनी की वेबसाइट तक बंद कर दी गई है। शिकायतकर्ता शिव अग्रवाल ने 51 एकड जमीन की बिक्री पर रोक के लिए भी कोर्ट में याचिका दायर कर दी है।
आरोपियों ने धोखे से नई फर्म श्री गणपति लैंड डेवलपर बनाकर प्रॉपर्टी की रजिस्ट्री करवानी शुरू कर दी जबकि बयाना डी एस बिल्डटेक में हुए थे। पंचकूला के शिव अग्रवाल ने आरोपितों पर 4.27 करोड़ रुपये प्रति एकड़ के सौदे में धोखाधड़ी का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है।
शिव अग्रवाल ने आरोपितों के पासपोर्ट जब्त करने और लुक आउट नोटिस की भी अपील की है। गड़बड़ी में शामिल पंचकूला निवासी आदर्श गर्ग मंडी गोबिंदगढ़ का बाद स्टील कारोबारी है। पुलिस उनकी तलाश कर रही है।
एमओयू की शर्तें पूरी नहीं की: शिव अग्रवाल ने आरोप लगाया कि एमओयू की शर्तें पूरी किए बिना डीएस बिल्डटेक में 45 प्रतिशत हिस्सेदारी ट्रांसफर कर ली गई। शिव अग्रवाल ने अपने बयान में कहा है कि 14 मार्च 2022 को हुए एमओयू के तहत उनकी हिस्सेदारी के बदले 4.27 करोड़ रुपये प्रति एकड़ की दर से भुगतान किया जाना था, लेकिन आरोप है कि तय शर्तों के अनुसार उन्हें भुगतान नहीं किया गया।
एमओयू के तहत अलग-अलग चरणों में भुगतान किया जाना था। उनका आरोप है कि आदर्श गर्ग ने न तो एमओयू के समय निर्धारित राशि का भुगतान किया और न ही बाद की शर्तें पूरी कीं। इसके बावजूद साझेदारी डीड का इस्तेमाल कर डीएस बिल्डटेक में उनकी 45 प्रतिशत हिस्सेदारी अपने नाम ट्रांसफर करा ली गई।
अभी भी फर्म में 10 प्रतिशत हिस्सेदारी: शिव अग्रवाल ने कहा कि वह अभी भी फर्म में 10 प्रतिशत हिस्सेदार हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि एमओयू, पार्टनरशिप डीड और डिसॉल्यूशन डीड एक ही समय तैयार और हस्ताक्षरित किए गए थे। उनका कहना है कि सभी दस्तावेजों को पूरी और अंतिम भुगतान राशि मिलने के बाद ही संबंधित विभागों में इस्तेमाल किया जाना था।
आरोप है कि दूसरे पक्ष ने दस्तावेज हासिल कर उन्हें रजिस्ट्रार ऑफ फर्म्स के समक्ष पेश कर दिया और उनकी जानकारी व भुगतान के बिना 45 प्रतिशत हिस्सेदारी अपने नाम करा ली।
मामले की जांच जारी: मोहाली थाना एसएचओ सिमरजीत
गिल के अनुसार मामले की जांच की जा रही है। कोर्ट के निर्देशों का पालन किया जाएगा। आरोपियों को पकड़ने के लिए पुलिस अपना काम कर रही है।