Summer express/अंबाला-: पंजोखरा साहिब विवाद मामले में एक नया वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद सिख संगत में रोष बढ़ता नजर आ रहा है। वायरल वीडियो को लेकर दावा किया जा रहा है कि इसमें गुरसिमरन सिंह मंड की गाड़ी एक सिख युवक के ऊपर चढ़ी हुई दिखाई दे रही है, जबकि मौके पर मौजूद लोग गाड़ी को हटाने का प्रयास कर रहे हैं। हालांकि, वायरल वीडियो के दावों की स्वतंत्र पुष्टि अभी नहीं हुई है।वीडियो सामने आने के बाद सिख समाज की ओर से पूरे मामले में निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग उठाई जा रही है। HSGMC के एग्जीक्यूटिव मेंबर गुरतेज सिंह ने आरोप लगाया कि वीडियो में गाड़ी एक सिख युवक के ऊपर दिखाई दे रही है। उनका दावा है कि उस समय तक संगत की ओर से गुरसिमरन सिंह मंड के साथ किसी तरह की बदसलूकी नहीं की गई थी।
गुरतेज सिंह के मुताबिक, बाद में कथित तौर पर संगत के लिए अपशब्दों का इस्तेमाल किया गया और लोगों पर गाड़ी चढ़ाने की कोशिश की गई, जिसके बाद विवाद बढ़ गया। वहीं, पंजोखरा साहिब से जुड़े तेजवीर सिंह ने आरोप लगाया कि घटना के बावजूद अब तक गुरसिमरन सिंह मंड के खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।तेजवीर सिंह ने यह भी आरोप लगाया कि पिछले कई वर्षों से गुरसिमरन सिंह मंड द्वारा सिख संगत के खिलाफ आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल किया जाता रहा है। उन्होंने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।वायरल वीडियो के बाद मामले ने एक बार फिर तूल पकड़ लिया है। सिख संगत की नजर अब प्रशासन की कार्रवाई और आज होने वाली बैठक पर टिकी हुई है, जहां इस विवाद को लेकर आगे की रणनीति तय किए जाने की संभावना है।