सागर पाहवा | मोहाली
समर न्यूज
नगर निगम मोहाली के अधीन आने वाले बलौंगी में पीजी निर्माण का काम धड़ल्ले से चल रहा है। एकता कॉलोनी में कई छह-छह मंजिला पीजी बनकर तैयार हो चुके हैं, जबकि कई अन्य इमारतों का निर्माण अभी जारी है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि इलाके में नियमों की अनदेखी कर बहुमंजिला इमारतें खड़ी की जा रही हैं।
लोगों का कहना है कि एकता कॉलोनी में पहले ही बड़ी संख्या में पीजी तैयार हो चुके हैं। अब नई इमारतों का निर्माण भी तेजी से चल रहा है। ऐसे में नगर निगम को निर्माण पूरा होने का इंतजार करने के बजाय अभी कार्रवाई करनी चाहिए। लोगों ने कहा कि जो पीजी बनकर तैयार हो चुके हैं, उन पर कार्रवाई करना मुश्किल है तो कम से कम जो निर्माण अभी चल रहा है, उसे तुरंत रुकवाया जाए।
पानी, सीवरेज और पार्किंग पर भी बढ़ेगा दबाव
लोगों के मुताबिक बलौंगी में लगातार बढ़ रहे पीजी से पहले ही मूलभूत सुविधाओं पर दबाव बढ़ रहा है। बड़ी संख्या में लोगों के रहने से पानी, सीवरेज, पार्किंग और यातायात जैसी समस्याएं भी बढ़ सकती हैं। स्थानीय लोगों ने नगर निगम से मांग की है कि क्षेत्र में बन रहे सभी निर्माणों की जांच करवाई जाए और नियमों का उल्लंघन मिलने पर तत्काल कार्रवाई की जाए। लोगों ने नगर निगम मोहाली से अपील की है कि निर्माणाधीन पीजी का काम तुरंत रुकवाकर जांच करवाई जाए, ताकि बाद में कार्रवाई करने की नौबत न आए।
निर्माण पूरा होने के बाद कार्रवाई का क्या फायदा?
स्थानीय निवासियों ने सवाल उठाया कि अगर किसी निर्माण में नियमों की अनदेखी हो रही है तो संबंधित विभाग को समय रहते मौके पर पहुंचकर जांच करनी चाहिए। निर्माण पूरा होने के बाद कार्रवाई करने से समस्या और जटिल हो सकती है। लोगों का कहना है कि नगर निगम की टीम को मौके का निरीक्षण कर यह जांचना चाहिए कि निर्माण के लिए जरूरी नक्शे और मंजूरियां ली गई हैं या नहीं।