समर न्यूज | चंडीगढ़
पंजाब में विधानसभा चुनाव से पहले मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के बाद ड्राफ्ट मतदाता सूची जारी कर दी गई है। पुनरीक्षण के दौरान राज्य की मतदाता संख्या में 20.66 लाख की कमी सामने आई है।
चुनाव अधिकारियों के अनुसार, सूची से नाम हटने के प्रमुख कारण मृत मतदाता, स्थायी रूप से दूसरे स्थान पर चले गए लोग, दोहरी प्रविष्टियां और अन्य कारण हैं। हालांकि, पात्र मतदाताओं के नाम गलती से हटे होने की स्थिति में उन्हें दावा और आपत्ति दर्ज कराने का अवसर दिया गया है। मतदाता पंजाब के मुख्य निर्वाचन अधिकारी की वेबसाइट पर जाकर ड्राफ्ट मतदाता सूची में अपना नाम जांच सकते हैं। इसके लिए जिला, विधानसभा क्षेत्र और मतदान केंद्र का चयन कर संबंधित सूची देखी या डाउनलोड की जा सकती है। निर्वाचन आयोग के मतदाता पोर्टल के माध्यम से भी नाम और मतदाता संबंधी अन्य विवरण की जांच की सुविधा उपलब्ध है। एसआईआर के दौरान राज्य में करीब 1.94 करोड़ मतदाताओं के गणना प्रपत्र एकत्र कर उन्हें डिजिटल किया गया। अधिकारियों के अनुसार, इसका उद्देश्य मतदाता सूची को अधिक सटीक बनाना और मृत, स्थानांतरित या दोहरी प्रविष्टियों को हटाना है। साथ ही पात्र मतदाताओं को सूची में नाम शामिल कराने का पूरा अवसर दिया जाएगा।