अशवनी पाहवा /हेमराज बब्बर
समर न्यूज | जगराओं
रायकोट के पास गांव बसियां में बुधवार देर रात करीब 1:15 बजे हुए सड़क हादसे में आम आदमी पार्टी के नेता बलकार सिंह समेत तीन युवकों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल हो गए। मृतकों की पहचान बलकार सिंह, विशाल और संदीप के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि पांचों युवक नकोदर में माथा टेकने के बाद कार से दिड़बा लौट रहे थे।
जगराओं से करीब 12 किलोमीटर दूर गांव बसियां के पास कुहनी मोड़ पर अचानक कार बेकाबू होकर सड़क किनारे स्थित छप्पड़ (तालाब) में जा गिरी। कार इतनी तेजी से पानी में समाई कि उसमें सवार युवकों को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिला। हादसे की आवाज और युवकों की चीखें सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य शुरू किया।
ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत से निकाला: हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और राहत दल भी मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों की मदद से कार में फंसे पांचों युवकों को कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया। इनमें तीन की मौत हो चुकी थी, जबकि दो घायल अवस्था में मिले। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया। एक युवक को पानी से बाहर निकालने में करीब आठ ग्रामीणों को मशक्कत करनी पड़ी।
आवारा पशु को बचाने के दौरान बिगड़ा संतुलन: थाना सदर रायकोट के एसएचओ हीरा सिंह ने बताया कि शुरुआती जांच में सामने आया है कि कार के आगे अचानक आवारा पशु आ गया था। उसे बचाने के प्रयास में चालक कार पर नियंत्रण नहीं रख सका और वाहन बेकाबू होकर तालाब में जा गिरा। पुलिस हादसे के अन्य कारणों की भी जांच कर रही है। तीनों मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए सरकारी अस्पताल में रखवाए गए हैं।
नकोदर से माथा टेककर लौट रहे थे युवक: वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा के ओएसडी तपिंदर सिंह सोही ने बताया कि पांचों युवक नकोदर में माथा टेकने के बाद दिड़बा लौट रहे थे। बसियां के कुहनी मोड़ पर कार की रफ्तार अधिक होने के कारण चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और कार तालाब में जा गिरी। हादसे में तीन युवकों की मौत हुई, जबकि दो घायल हुए हैं। हादसे की सूचना के बाद वह अस्पताल पहुंचे और पीड़ित परिवारों से मुलाकात की।