अशवनी पाहवा | लुधियाना
समर न्यूज
शहर में बुधवार सुबह करीब 6 बजे चीमा चौक पुल पर तूड़ी से भरा ट्राला अनियंत्रित होकर पलट गया। ट्राले में सवार 3 लोगों को मामूली चोटें आईं। ट्राले के पहिए एक्सेल समेत अलग हो गए।
जानकारी के अनुसार, ट्राला फरीदकोट से तूड़ी लेकर लुधियाना के ट्रांसपोर्ट नगर आ रहा था। जब वह चीमा चौक पुल पर चढ़ रहा था, तभी पीछे से आ रही तेज रफ्तार कार ने ट्राले को साइड मार दी। अचानक हुई टक्कर के बाद ट्राले का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क पर पलट गया।
नींद आने से हुआ हादसा
घायल केहलो ने बताया कि वह सुबह फरीदकोट से ट्राले में तूड़ी लादकर ट्रांसपोर्ट नगर जा रहा था। चीमा चौक पुल पर पहुंचते ही ट्रक ड्राइवर को नींद की झपकी आ गई, इस दौरान उसने आगे जा रहे वाहनों को भी टक्कर मार दी।
{राहगीरों ने घायलों को
बाहर निकाला…
ट्राला पलटने के बाद उसके पहिए एक्सेल समेत अलग हो गए और सड़क पर तूड़ी फैल गई। हादसा होते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। राहगीरों ने ट्राले में फंसे लोगों को बाहर निकाला और घायलों की मदद की। मौके पर मौजूद राहगीर सागर कुमार ने बताया कि कार ट्राले को साइड मारकर आगे निकल गई थी।
{6 घंटे तक ट्रैफिक
प्रभावित रहा…
हादसे के बाद चीमा चौक पुल पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई। सड़क पर ट्राला पलटने और तूड़ी बिखरने के कारण कुछ समय तक जाम जैसी स्थिति बनी रही। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और यातायात को सुचारू करवाने की कार्रवाई शुरू की।