Summer express/राहुल चावला, धर्मशाला -: धर्मशाला-चंबी वाया सुधेड़ मार्ग पर करीब डेढ़ साल से खराब पड़ा लगभग 300 मीटर लंबा सड़क पैच स्थानीय लोगों के लिए परेशानी का कारण बना हुआ है। सड़क की खस्ताहालत के चलते रोजाना स्कूली बच्चों, कर्मचारियों और राहगीरों को आवाजाही में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। समस्या के समाधान की मांग को लेकर शुक्रवार को धर्मशाला के अधिवक्ताओं ने जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपा और सड़क की जल्द मरम्मत करवाने की मांग उठाई।
अधिवक्ता अंकुर सोनी ने बताया कि सड़क का एक हिस्सा लंबे समय से खराब है। विभाग की ओर से कई बार मिट्टी डालकर सड़क को समतल करने का प्रयास किया गया, लेकिन इससे स्थायी समाधान नहीं हो पाया। उन्होंने कहा कि सड़क के नीचे करीब 10 से 15 घर स्थित हैं। लगातार मिट्टी डालने से वहां भार बढ़ रहा है, जिससे आने वाले समय में भूस्खलन का खतरा भी पैदा हो सकता है।उन्होंने बताया कि स्थानीय लोगों के लिए वैकल्पिक साइड रोड उपलब्ध है, लेकिन वह काफी संकरी होने के साथ-साथ भीड़भाड़ वाली है। ऐसे में रोजाना आवाजाही करने वाले लोगों को परेशानी झेलनी पड़ रही है।अंकुर सोनी ने कहा कि इस समस्या को लेकर संबंधित अधिकारियों से पहले भी कई बार आग्रह किया जा चुका है, लेकिन अब तक सड़क की स्थायी मरम्मत नहीं हो सकी है। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि खराब सड़क पैच की जल्द तकनीकी रूप से उचित मरम्मत करवाकर मार्ग को सुचारू किया जाए।