Summer express, लुधियाना। पंजाब में मानसून के दोबारा सक्रिय होने से रविवार सुबह कई जिलों में तेज बारिश हुई। अमृतसर और लुधियाना समेत कई इलाकों में हुई बारिश के बाद मौसम सुहावना हो गया, लेकिन कई स्थानों पर जलभराव और खराब सड़कों के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। मौसम विभाग ने सोमवार और मंगलवार को भी प्रदेश के कई जिलों में भारी बारिश की संभावना जताते हुए येलो अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार 19 अगस्त से मौसम साफ होने की उम्मीद है।
रविवार सुबह चार से सात बजे के बीच पंजाब के कई हिस्सों में बारिश दर्ज की गई। अमृतसर में सबसे अधिक 40.1 मिलीमीटर वर्षा हुई, जबकि लुधियाना में 38.8 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। जालंधर में 15.8, रूपनगर में 13.8 और एसबीएस नगर में 5.2 मिलीमीटर वर्षा दर्ज हुई। इसके अलावा चंडीगढ़ में 2.6, पटियाला में 3.4 और पठानकोट में 4.0 मिलीमीटर बारिश हुई। गुरदासपुर, होशियारपुर और फतेहगढ़ साहिब में भी हल्की वर्षा हुई।
मौसम विभाग ने अगले दो दिनों के दौरान पंजाब के कई हिस्सों में भारी बारिश की संभावना जताई है। इसके चलते लोगों को जलभराव वाले क्षेत्रों में सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
बारिश के कारण राहों से जगीरपुर जाने वाली मुख्य सड़क की बदहाली भी लोगों के लिए परेशानी का कारण बन गई है। करीब डेढ़ से दो किलोमीटर लंबी इस सड़क पर जगह-जगह बड़े गड्ढे हैं और कई हिस्से टूटे हुए हैं। बारिश के दौरान गड्ढों में पानी भर जाने से उनकी गहराई दिखाई नहीं देती, जिससे वाहन चालकों के दुर्घटनाग्रस्त होने का खतरा बढ़ जाता है।
स्थानीय लोगों के मुताबिक सीवरेज का ओवरफ्लो पानी भी कई बार सड़क पर जमा हो जाता है। इससे दुर्गंध के साथ बीमारियां फैलने की आशंका बनी रहती है। यह मार्ग करीब 25 से 30 कॉलोनियों और आसपास के गांवों को मुख्य सड़क से जोड़ता है। लोगों ने प्रशासन से सड़क की मरम्मत, जल निकासी की व्यवस्था सुधारने और समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग की है।