अशवनी पाहवा | लुधियाना
समर न्यूज
आगामी विधानसभा चुनावों को देखते हुए पंजाब सरकार ने पुलिस प्रशासन को मजबूत करने के लिए लुधियाना पुलिस कमिश्नरेट में बड़ा फेरबदल किया है। जारी तबादला आदेशों के तहत सात प्रमुख पुलिस अधिकारियों की जिम्मेदारियों में बदलाव किया है।
इसका उद्देश्य कानून-व्यवस्था मजबूत करने, अपराध पर अंकुश लगाने, ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने और चुनाव के दौरान सुरक्षा पुख्ता करना है।
आदेश के अनुसार आईपीएस अधिकारी अरविंद मीना को डीसीपी लॉ एंड ऑर्डर, जबकि आईपीएस धारावार्थ साई प्रकाश को एडीसीपी-3 नियुक्त किया गया है। परमजीत सिंह को डीसीपी स्पेशल ब्रांच और आलम विजय सिंह को डीसीपी सिटी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। संदीप कुमार को एडीसीपी ऑपरेशन एवं पीबीआई, सुखविंदरपाल सिंह को एडीसीपी ट्रैफिक और रूपिंदर कौर भट्टी को एडीसीपी क्राइम लगाया गया है।
नए अधिकारियों को अपने क्षेत्रों में पुलिस गश्त बढ़ाने, संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने और संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश दिए गए हैं। अपराध नियंत्रण के साथ ट्रैफिक व्यवस्था सुधारना भी प्राथमिकता रहेगी।
अधिकारियों को फील्ड में सक्रिय रहने और लोगों की शिकायतों का प्राथमिकता से निपटारा करने को कहा गया है।
पुलिस विभाग के अनुसार चुनाव आयोग के निर्देशों के तहत महानगर में शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और सुरक्षित माहौल बनाए रखना प्राथमिकता होगी। सभी अधिकारी जल्द कार्यभार संभालेंगे।