Summer express, अंबाला (अंकुर कपूर): अंबाला रेल मंडल यात्रियों को बेहतर और आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में लगातार नए कदम उठा रहा है। इसी कड़ी में रेलवे स्टेशनों पर रेल कोच रेस्टोरेंट, नए कैटरिंग स्टॉल और फूड वैन जैसी सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। रेल कोच रेस्टोरेंट के लिए ऑक्शन प्रक्रिया पूरी की जा चुकी है, जिसके बाद यात्रियों को ट्रेन के कोच में बैठकर भोजन करने का अलग अनुभव मिलेगा।
अंबाला मंडल के वरिष्ठ वाणिज्य प्रबंधक यशनजीत सिंह ने बताया कि रेलवे का उद्देश्य यात्रियों की जरूरतों के मुताबिक स्टेशनों पर अधिक से अधिक सुविधाएं उपलब्ध कराना है। रेल कोच रेस्टोरेंट इसी दिशा में एक नया और आकर्षक प्रयास है। यहां यात्री रेल कोच के अंदर बैठकर भोजन का आनंद ले सकेंगे।
उन्होंने बताया कि रेलवे की ओर से कैटरिंग, खान-पान, पेयजल, बैठने, मनोरंजन और ठहरने जैसी सुविधाओं को बेहतर बनाने पर लगातार काम किया जा रहा है। कई रेलवे स्टेशनों पर नए कैटरिंग स्टॉल और फूड वैन शुरू किए जा रहे हैं, ताकि यात्रियों को स्टेशन परिसर में ही बेहतर खान-पान की सुविधा मिल सके।
यशनजीत सिंह ने बताया कि यात्रियों के आराम के लिए कुछ स्टेशनों पर स्लीपिंग पॉड और नैप पॉड की सुविधा भी विकसित की जा रही है। सहारनपुर में स्लीपिंग पॉड सुविधा पहले से उपलब्ध है, जबकि कालका और अंबाला में भी इसे शुरू करने की दिशा में प्रयास जारी हैं। उन्होंने कहा कि ट्रेन के इंतजार के दौरान यात्रियों को कुछ घंटे आराम करने की जरूरत पड़ने पर ये पॉड काफी उपयोगी साबित होंगे।
रेल कोच रेस्टोरेंट में काम करने वाले कर्मचारी के मुताबिक, यह सुविधा यात्रियों के लिए काफी उपयोगी होगी। रेस्टोरेंट में यात्रियों की सेवा के लिए कर्मचारी हर समय उपलब्ध रहेंगे। उन्होंने बताया कि रेस्टोरेंट पूरी तरह वातानुकूलित होगा और यहां यात्रियों की सुविधा के लिए जरूरी व्यवस्थाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। एक समय में करीब 60 से 70 यात्री यहां बैठकर भोजन कर सकेंगे।
वरिष्ठ वाणिज्य प्रबंधक ने कहा कि रेलवे का लक्ष्य यात्रियों के सफर के साथ-साथ स्टेशन पर उनके ठहरने और इंतजार के अनुभव को भी बेहतर बनाना है। इसी उद्देश्य से आने वाले समय में अंबाला रेल मंडल के विभिन्न स्टेशनों पर नई सुविधाएं विकसित करने का काम जारी रहेगा।