नई दिल्ली | राजधानी दिल्ली और एनसीआर में शनिवार शाम मानसून ने एक बार फिर रफ्तार पकड़ ली। दिनभर उमस और बादलों की आंख-मिचौली के बाद शाम को अचानक तेज बारिश शुरू हो गई, जिससे मौसम सुहाना हो गया और लोगों को गर्मी से बड़ी राहत मिली।
IMD का अलर्ट: अगले हफ्ते भी बरसात के संकेत
मौसम विभाग के मुताबिक, 13 जुलाई तक तापमान में हल्की बढ़ोतरी संभव है, लेकिन इसके बाद एक बार फिर बारिश की अच्छी संभावना है। हल्की से मध्यम बारिश का दौर अगले सप्ताह तक जारी रह सकता है।
राजधानी में बना है मानसून ट्रफ
आईएमडी ने बताया कि दिल्ली-एनसीआर में इस समय मानसून ट्रफ सक्रिय है, जिससे रुक-रुक कर बारिश होती रहेगी। वीकेंड तक ट्रफ के सक्रिय रहने की संभावना है। इसके बाद यह ट्रफ उत्तर की ओर शिफ्ट हो सकता है, जिससे फिर हल्की बारिश हो सकती है। बारिश से न सिर्फ गर्मी में राहत मिलेगी, बल्कि प्रदूषण स्तर में भी सुधार की उम्मीद है।