Shimla, Sanju-हिमाचल प्रदेश इस बार भी मानसून की मार से बुरी तरह प्रभावित हुआ है। बादल फटने और भूस्खलन की घटनाओं ने भारी तबाही मचाई है। अब तक प्रदेश को 800 करोड़ रुपये से अधिक का नुकसान हो चुका है। राज्य सरकार जहां केंद्र से विशेष राहत पैकेज की मांग कर रही है, वहीं अब भाजपा के राज्यसभा सांसद हर्ष महाजन ने भी केंद्र से आपदा राहत पैकेज की मांग करने की बात कही है।
हर्ष महाजन ने कहा कि इस आपदा की घड़ी में वे प्रदेश सरकार के साथ खड़े हैं और सरकार जो कहेगी, वे उसका समर्थन करेंगे। आगामी मानसून सत्र में संसद में हिमाचल प्रदेश के लिए विशेष राहत पैकेज की मांग उठाई जाएगी।उन्होंने यह भी कहा कि राज्य में हर साल मानसून के दौरान व्यापक नुकसान होता है, और अब समय आ गया है कि इन आपदाओं को रोकने और नुकसान कम करने के लिए स्थायी समाधान निकाले जाएं। इसके साथ ही, उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि जिन लोगों की जमीनें आपदा में नष्ट हो गई हैं या जो भूमिहीन हो गए हैं, उनके पुनर्वास का मुद्दा भी केंद्र सरकार के सामने उठाया जाएगा।