Summer express/मंडी,धर्मवीर-:मंडी जिले के पधर में 29 वर्षीय युवा अधिवक्ता दिवांशु ठाकुर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। पुलिस को मिले एक नोट में दिवांशु ने अपनी जिंदगी से परेशान होने की बात लिखी है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।जानकारी के अनुसार दिवांशु ठाकुर पधर बाजार में अपनी मां वंदना ठाकुर के साथ किराये के मकान में रहती थीं। बुधवार दोपहर भोजन के बाद मां-बेटी कुछ समय के लिए घर में आराम कर रही थीं। करीब तीन बजे वंदना ठाकुर किसी काम से बाजार चली गईं। उस समय दिवांशु घर में अकेली थीं।शाम करीब साढ़े पांच बजे जब उनकी मां वापस लौटीं तो उन्होंने बेटी को अचेत अवस्था में पाया। परिजन तत्काल उन्हें नागरिक अस्पताल पधर ले गए, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मृतका की पहचान दिवांशु ठाकुर पुत्री कपूर चंद, निवासी गांव बीर धीयूं तुंगल, तहसील सदर, जिला मंडी के रूप में हुई है। दिवांशु ने चंडीगढ़ से कानून की पढ़ाई की थी और वह अधिवक्ता के तौर पर प्रैक्टिस कर रही थीं।
बताया जा रहा है कि दिवांशु की मां वंदना ठाकुर द्रंग ब्लॉक कांग्रेस की सचिव हैं। दिवांशु भी छात्र जीवन में एनएसयूआई से जुड़ी रही थीं। वंदना ठाकुर का मायका कुन्नू के साहल गांव में है।पुलिस के अनुसार, मृतका की मां ने अपने बयान में बताया कि उनकी बेटी पिछले कुछ समय से मानसिक तनाव और स्वास्थ्य संबंधी परेशानी से जूझ रही थीं तथा इसके लिए दवा भी ले रही थीं। पुलिस ने परिजनों के बयान दर्ज कर मामले की विभिन्न पहलुओं से जांच शुरू कर दी है।घटना की सूचना मिलते ही परिजन और रिश्तेदार अस्पताल पहुंच गए। गुरुवार को मंडी अस्पताल में पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। इसके बाद मंडी बाजार स्थित हनुमान घाट में अंतिम संस्कार किया गया।
डीएसपी पधर लोकेंद्र नेगी ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि पुलिस द्वारा बीएनएस की धारा 194 के तहत आवश्यक कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। थाना प्रभारी पधर अनिल कटोच ने बताया कि मृतका की मां के बयान के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच जारी है।पुलिस फिलहाल घटना से जुड़े सभी तथ्यों और परिस्थितियों की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही मामले की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।