Summer express , फरीदाबाद। सात साल पुराने प्रेम संबंध में कथित विश्वासघात से आहत 22 वर्षीय युवक ने नहर में छलांग लगाकर जान दे दी। मृतक की पहचान दिल्ली के मीठापुर निवासी नकुल के रूप में हुई है। वह फरीदाबाद के सेक्टर-21सी स्थित एक सैलून में हेयर स्टाइलिस्ट के तौर पर काम करता था। परिजनों ने प्रेमिका पर मानसिक रूप से प्रताड़ित करने और आत्महत्या के लिए मजबूर करने का आरोप लगाया है। पल्ला थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है।
परिजनों के अनुसार, नकुल का पड़ोस में रहने वाली युवती से करीब सात साल से प्रेम संबंध था। दोनों साथ में फिल्म देखने गए थे और दिनभर साथ रहे। इसी दौरान नकुल ने युवती के मोबाइल फोन में किसी अन्य युवक के साथ बातचीत देख ली। इसको लेकर दोनों के बीच कहासुनी हुई। परिजनों का कहना है कि युवती से संतोषजनक जवाब नहीं मिलने के बाद नकुल काफी परेशान हो गया।
बताया गया कि नकुल युवती को उसके घर छोड़ने के बाद सीधे अपने घर नहीं गया और मीठापुर के पास नहर पर पहुंच गया। शाम करीब साढ़े सात बजे उसने अपनी मां को फोन कर कथित तौर पर कहा कि वह बहुत आहत है और अब जीना नहीं चाहता। इसके बाद उसने पिता को फोन कर मां, बहन और भाई का ध्यान रखने की बात कही। परिजनों और दोस्तों ने उसे समझाने का प्रयास किया और नहर से वापस लौटने की अपील की, लेकिन करीब एक घंटे बाद उसका मोबाइल फोन बंद हो गया।
मोबाइल बंद होने के बाद परिजन और दोस्त नहर के आसपास उसकी तलाश में जुट गए। काफी खोजबीन के बाद भी कोई सुराग नहीं मिलने पर परिजन गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराने थाने पहुंचे। इसी दौरान पुलिस को स्थानीय लोगों से नहर में एक युवक का शव मिलने की सूचना मिली। पुलिस ने रात करीब साढ़े नौ से 10 बजे के बीच शव को बाहर निकलवाया। परिजनों ने शव की पहचान नकुल के रूप में की।
पल्ला थाना पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस प्रवक्ता यशपाल के अनुसार, मृतक के पिता हरिशंकर ने शिकायत देकर आरोप लगाया है कि युवती ने उनके बेटे को मानसिक रूप से परेशान किया और उसे आत्महत्या के लिए उकसाया। पुलिस शिकायत में लगाए गए आरोपों की जांच कर रही है और मामले से जुड़े तथ्यों एवं परिस्थितियों को खंगाला जा रहा है।
परिजनों का आरोप है कि घटना के बाद से युवती और उसके परिवार के सदस्य घर पर नहीं हैं। उन्होंने यह भी दावा किया कि युवती ने अपना इंस्टाग्राम अकाउंट डिलीट कर दिया और नकुल के सोशल मीडिया अकाउंट से अपनी तस्वीरें भी हटा दीं। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।