Summer express, विकास शर्मा, ऊना। विश्व प्रसिद्ध शक्तिपीठ मां चिंतपूर्णी के दरबार में शनिवार को दिल्ली से पहुंचे श्रद्धालु हैप्पी जैन और उनके परिवार ने माता रानी के चरणों में डेढ़ किलो चांदी का भव्य छत्र अर्पित किया। परिवार ने मनोकामना पूरी होने पर मां का आभार जताते हुए पूरे परिवार के साथ मंदिर पहुंचकर पूजा-अर्चना की।
मंदिर पहुंचने पर मुख्य पुजारी एवं पुजारी बारीदार सभा के प्रधान रविंदर शिंदा, पुजारी सचिन कालिया और पुजारी नवीन कालिया ने श्रद्धालु परिवार की विधिवत पूजा करवाई। पूजा-अर्चना के बाद मंदिर प्रशासन और पुजारियों की ओर से परिवार को माता की चुनरी और प्रसाद भेंट कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर मंदिर अधिकारी संजीव प्रभाकर भी मौजूद रहे।
श्रद्धालु द्वारा चढ़ाया गया चांदी का छत्र आकर्षक कारीगरी से तैयार किया गया है। इसे माता की पावन पिंडी के ऊपर स्थापित किया गया। छत्र पर बनी छोटी-छोटी सजावटी लड़ियों ने इसकी सुंदरता को और बढ़ा दिया, जिससे माता की पिंडी का स्वरूप और भी भव्य नजर आया।
हैप्पी जैन ने बताया कि वह पिछले कई वर्षों से लगातार मां चिंतपूर्णी के दरबार में दर्शन के लिए आते रहे हैं। उन्होंने कहा कि माता रानी की कृपा और पुजारी रविंदर शिंदा की अरदास से उनके परिवार की एक बड़ी मनोकामना पूरी हुई है। इसी खुशी और आभार के चलते वह परिवार के साथ माता का धन्यवाद करने पहुंचे हैं।
उन्होंने मां चिंतपूर्णी से प्रार्थना की कि मंदिर में दर्शन के लिए आने वाले सभी श्रद्धालुओं की मनोकामनाएं पूरी हों और हर परिवार के जीवन में सुख, समृद्धि और खुशियां आएं।