Summer express/पलवल, सुन्दर कुंडू- पलवल के कैंप थाना क्षेत्र स्थित जवाहर नगर में पुरानी रंजिश के चलते एक 50 वर्षीय व्यक्ति की गोली मारकर और चाकू से हमला कर हत्या कर दी गई। वारदात के बाद मुख्य आरोपी हथियार सहित थाने पहुंच गया और पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया। आरोपी ने बताया कि उसने अपनी मां की हत्या का बदला लेने के लिए इस घटना को अंजाम दिया।जानकारी के अनुसार, मृतक सुरेश करीब पांच महीने पहले ही वर्ष 2023 में हुए एक हत्याकांड के मामले में जमानत पर जेल से बाहर आया था। आरोप है कि वर्ष 2023 में स्पीड ब्रेकर को लेकर हुए विवाद में दुष्यंत उर्फ देवा की मां की हत्या हुई थी, जिसमें सुरेश आरोपी था। इसी रंजिश के चलते यह खूनी वारदात हुई।
मृतक की पत्नी सुबीना ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 22 अगस्त की रात उनके पति घर के बाहर बैठे हुए थे। इसी दौरान पड़ोसी दुष्यंत उर्फ देवा अपने मामा देवेंद्र तथा अन्य स्वजनों के साथ वहां पहुंचा और विवाद शुरू हो गया। आरोप है कि दुष्यंत और देवेंद्र ने सुरेश पर गोली चलाई और चाकू से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल सुरेश को परिजन और पुलिस की मदद से सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।घटना के कुछ ही देर बाद दुष्यंत देसी कट्टा और तीन जिंदा कारतूस लेकर कैंप थाने पहुंचा और पुलिस के सामने अपना जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं, मृतक के परिजनों ने सभी आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और फांसी की सजा की मांग की है।