Summer express,अंबाला। अंबाला सिटी के जग्गी गार्डन निवासी 25 वर्षीय रोहित की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। देर रात उसका शव घर से करीब 500 मीटर दूर जग्गी कॉलोनी की मुख्य सड़क के किनारे पड़ा मिला। घटना की सूचना मिलने के बाद बलदेव नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
पुलिस के अनुसार, रोहित के शरीर पर कमर के पास चोट के निशान मिले हैं। इसके अलावा उसके मुंह से झाग निकल रहा था। इन परिस्थितियों के चलते मौत को संदिग्ध माना जा रहा है। हालांकि, युवक की मौत की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है।
मृतक की पहचान मूल रूप से उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले के रहने वाले रोहित के रूप में हुई है। वह अंबाला में जग्गी गार्डन इलाके में परिवार के साथ रह रहा था और एक साड़ी के शोरूम में काम करता था।
पत्नी के मुताबिक, रोहित रविवार सुबह करीब नौ बजे काम के लिए घर से निकला था। दोपहर करीब तीन बजे वह कुछ समय के लिए घर लौटा और अपने डेढ़ साल के बच्चे को दवा देने के बाद दोबारा बाहर चला गया। देर रात परिजनों को सूचना मिली कि रोहित का शव घर के पास सड़क किनारे पड़ा मिला है।
घटना की जानकारी मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को अंबाला सिटी के नागरिक अस्पताल पहुंचाया, जहां पोस्टमार्टम की प्रक्रिया कराई जा रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
फिलहाल बलदेव नगर थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि रोहित किन परिस्थितियों में सड़क किनारे पहुंचा और उसकी मौत कैसे हुई। मौत के पीछे हादसा, चोट या कोई अन्य वजह है, इसका खुलासा जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगा।