Summer express/ऊना/ राकेश -:धार्मिक स्थल पीर निगाह में माथा टेककर वापस लौट रहे हरियाणा के श्रद्धालुओं का जत्था मंगलवार सुबह हादसे का शिकार हो गया। पीर निगाह मंदिर से करीब दो किलोमीटर दूर उतराई में श्रद्धालुओं से भरा 14 टायर वाला मालवाहक वाहन चालक के नियंत्रण से बाहर होकर सड़क किनारे गहरी खाई में जा गिरा। हादसे में करीब 40 श्रद्धालुओं के घायल होने की सूचना है। घायलों में महिलाएं, पुरुष और बच्चे भी शामिल हैं।हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों और राहत दलों की मदद से सभी घायलों को दुर्घटनाग्रस्त वाहन से बाहर निकालकर उपचार के लिए क्षेत्रीय अस्पताल ऊना पहुंचाया गया। अस्पताल में करीब 35 श्रद्धालुओं के उपचार के लिए पहुंचने की जानकारी सामने आई है।डॉक्टरों के अनुसार अधिकांश घायलों को प्राथमिक उपचार दिया गया, जबकि कुछ श्रद्धालुओं को गंभीर चोटें आई हैं। गंभीर रूप से घायल लोगों को बेहतर इलाज के लिए पीजीआई रेफर किया गया है।
जानकारी के मुताबिक हरियाणा के करनाल जिले के इंद्री सहित पानीपत, फतेहाबाद और आसपास के अन्य क्षेत्रों से श्रद्धालुओं का जत्था रविवार को पीर निगाह पहुंचा था। श्रद्धालुओं ने धार्मिक स्थल पर माथा टेकने के साथ लंगर भी लगाया। मंगलवार सुबह उन्हें माता नैना देवी और श्री आनंदपुर साहिब में माथा टेकने के बाद वापस हरियाणा लौटना था।इसी दौरान पीर निगाह मंदिर से कुछ दूरी पर उतराई में वाहन चालक मालवाहक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख पाया। वाहन सड़क से नीचे उतरते हुए गहरी खाई में जा गिरा। हादसे में करीब 40 श्रद्धालु घायल हो गए। राहत की बात यह रही कि दुर्घटना में किसी की जान नहीं गई।अस्पताल प्रशासन के मुताबिक घायलों का उपचार जारी है और गंभीर रूप से घायल श्रद्धालुओं को आगे रेफर किया गया है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।