1077 व 94594-57476 पर संपर्क करने की अपील
Summer express/ऊना, राकेश-: नेपाल में हाल ही में हुई प्राकृतिक आपदा के मद्देनजर ऊना जिला प्रशासन ने जिले से संबंधित उन लोगों की जानकारी उपलब्ध करवाने की अपील की है, जो आपदा के समय नेपाल में मौजूद थे और अब तक अपने परिजनों या परिचितों के संपर्क में नहीं आ पाए हैं।
उपायुक्त जतिन लाल ने कहा कि यदि ऊना जिले का कोई व्यक्ति, परिजन, रिश्तेदार या परिचित आपदा के दौरान नेपाल में मौजूद था और वर्तमान में उससे संपर्क स्थापित नहीं हो पा रहा है, तो उसकी जानकारी तत्काल जिला प्रशासन के साथ साझा की जाए। उन्होंने लोगों से संबंधित व्यक्ति का नाम, मोबाइल नंबर, नेपाल में ठहरने का स्थान और अन्य उपलब्ध विवरण उपलब्ध करवाने का आग्रह किया।
उन्होंने बताया कि प्रशासन को प्राप्त सूचनाओं को संबंधित अधिकारियों एवं स्तरों पर साझा कर आवश्यक समन्वय स्थापित किया जाएगा। साथ ही, प्रभावित व्यक्तियों और उनके परिजनों तक हरसंभव सहायता पहुंचाने के प्रयास किए जाएंगे।उपायुक्त ने अपील की कि प्रशासन को केवल सही, सटीक और सत्यापित जानकारी ही उपलब्ध करवाई जाए, ताकि राहत एवं समन्वय कार्य प्रभावी ढंग से किया जा सके।जानकारी के लिए जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, ऊना के दूरभाष नंबर 94594-57476, हेल्पलाइन 1077 अथवा ई-मेल ddmauna@gmail.com पर संपर्क किया जा सकता है।