समर न्यूज | लुधियाना
जगराओं के नानकसर में धन-धन बाबा नंद सिंह जी कलेरां वाले की 83वीं बरसी के मौके पर आयोजित धार्मिक समागम में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी शुक्रवार देर शाम पहुंचे। रक्षाबंधन के
अवसर पर मुख्यमंत्री ने भाजपा के वरिष्ठ नेताओं के साथ गुरुद्वारा नानकसर में माथा टेका और संतों का आशीर्वाद लिया।
मुख्यमंत्री अपने निर्धारित समय से करीब तीन घंटे की देरी से नानकसर पहुंचे और वहां सवा घंटे से अधिक समय तक रुके। उन्होंने संत बाबा लक्खा सिंह जी और बाबा घाला सिंह जी से मुलाकात कर आशीर्वाद प्राप्त किया। गुरु दरबार में माथा टेकने के बाद मुख्यमंत्री ने संगत की सेवा भी की और श्रद्धालुओं के लंगर के बर्तन साफ किए।
धार्मिक स्थल पर राजनीति नहीं होगी : नायब सिंह सैनी ने कहा कि वह नानकसर में केवल धार्मिक कार्यक्रम में शामिल होने और संतों का आशीर्वाद लेने के लिए आए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह भक्ति और सेवा का स्थान है, इसलिए यहां किसी भी राजनीतिक विषय पर चर्चा नहीं होगी। उन्होंने बाबा नंद सिंह जी कलेरां वाले की महान भक्ति का जिक्र करते हुए कहा कि बाबा जी ने अपनी भक्ति और बाणी के माध्यम से देश-विदेश में लाखों लोगों को गुरुओं से जोड़ा। उनकी तपस्या और आशीर्वाद के कारण आज भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु नानकसर पहुंचकर नतमस्तक होते हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि नानकसर में हाजिरी लगाने और संतों का आशीर्वाद प्राप्त करने से मन को शांति मिलती है।