Summer express ,करनाल। बिजली निगम के अधीक्षण अभियंता (SE) गीतू राम की रिटायरमेंट के दिन ही संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। बताया जा रहा है कि उन्होंने जहरीला पदार्थ निगल लिया था। उनका शव सोमवार सुबह करनाल के सेक्टर-9 स्थित आवास से निकलने के कुछ समय बाद डीएवी स्कूल के पास खड़ी कार में मिला। अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।
गीतू राम की आज विभाग से सेवानिवृत्ति होनी थी। परिजनों के अनुसार, वह सुबह करीब 7 बजे घर से निकले थे। कुछ देर बाद उनकी कार डीएवी स्कूल के पास खड़ी मिली। कार में उनकी हालत गंभीर थी। उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाने का प्रयास किया गया, लेकिन रास्ते में उन्होंने दम तोड़ दिया।
घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। उनकी बेटियों ने व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि उनके पिता लंबे समय से मानसिक दबाव में थे और उन्हें न्याय नहीं मिल पाया। परिवार ने मामले की निष्पक्ष जांच कर सच्चाई सामने लाने और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
रिटायरमेंट के दिन लिखा पत्र
जानकारी के मुताबिक, गीतू राम ने अपनी मौत से पहले विभाग के नाम एक पत्र भी लिखा था। बताया जा रहा है कि इस पत्र में उन्होंने अपनी समस्याओं और न्याय की मांग का उल्लेख किया था। पुलिस और संबंधित विभाग अब इस पत्र की जांच कर रहे हैं ताकि घटना के पीछे की परिस्थितियों का पता लगाया जा सके।
विवादित बयान के बाद चर्चा में आए थे
गीतू राम कुछ महीने पहले सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो को लेकर चर्चा में आए थे। वीडियो में जाट और ‘झोटे’ को लेकर उनके कथित बयान पर विवाद खड़ा हो गया था। बयान के बाद उन्हें आलोचनाओं का सामना करना पड़ा था और मामला काफी सुर्खियों में रहा था।
परिवार ने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की
गीतू राम की मौत के बाद उनकी बेटियों ने कहा कि उनके पिता को लगातार मानसिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। परिवार ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। पुलिस ने घटना से जुड़े तथ्यों को जुटाना शुरू कर दिया है। पत्र, कार और अन्य परिस्थितियों की जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।