Summer express/बिलासपुर, सुभाष-: हिमाचल प्रदेश में प्रस्तावित लॉटरी व्यवस्था को लेकर राजनीतिक विवाद बढ़ता जा रहा है। बिलासपुर पहुंचे सांसद एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने प्रदेश की सुक्खू सरकार पर इस मुद्दे को लेकर तीखा हमला बोला। पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने सरकार के इस कदम पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि प्रदेश की जनता को राहत देने के बजाय सरकार उनकी जेब पर अतिरिक्त बोझ डालने की तैयारी कर रही है।अनुराग ठाकुर ने कहा कि सरकार को ऐसी नीतियां बनानी चाहिए, जिनसे आम लोगों को आर्थिक राहत मिले और युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा हों। उन्होंने कहा कि महंगाई और आर्थिक परेशानियों के बीच गरीब तथा मध्यम वर्ग पहले ही कई चुनौतियों का सामना कर रहा है। ऐसे समय में लॉटरी जैसी व्यवस्था को बढ़ावा देना जनता के हित में नहीं है।
अनुराग ठाकुर ने प्रदेश सरकार से सवाल किया कि राजस्व बढ़ाने के लिए ऐसे रास्ते क्यों तलाशे जा रहे हैं, जिनका सीधा असर आम लोगों पर पड़ सकता है। अनुराग ठाकुर ने कहा कि सरकार को प्रदेश की अर्थव्यवस्था मजबूत करने के लिए दीर्घकालिक और ठोस कदम उठाने चाहिए। पर्यटन, उद्योग, रोजगार और विकास के क्षेत्र में निवेश बढ़ाकर राज्य की आय को मजबूत किया जा सकता है।पूर्व केंद्रीय मंत्री ने सुक्खू सरकार की कार्यप्रणाली पर भी निशाना साधते हुए कहा कि सरकार को अपने चुनावी वादों को पूरा करने और जनता से जुड़े बुनियादी मुद्दों पर ध्यान देना चाहिए। उन्होंने रोजगार, सड़क, स्वास्थ्य और विकास कार्यों को प्राथमिकता देने की मांग की।अनुराग ठाकुर ने कहा कि भाजपा जनता से जुड़े हर मुद्दे को मजबूती से उठाती रहेगी और सरकार की नीतियों का विरोध करने से पीछे नहीं हटेगी।