Summer express ,अंकुर कपूर ,चंडीगढ़ | अंबाला कैंट की एक्स-आबकारी क्षेत्र की जमीनों को फ्री-होल्ड कराने की लंबे समय से चली आ रही मांग को लेकर एक प्रतिनिधिमंडल ने निकाय मंत्री विपुल गोयल से मुलाकात की। चित्रा सरवना के नेतृत्व में पहुंचे प्रतिनिधिमंडल ने मंत्री को ज्ञापन सौंपकर लोगों को जमीन का पूर्ण मालिकाना हक देने की मांग उठाई।
प्रतिनिधिमंडल में वर्तमान और पूर्व पार्षदों के अलावा सामाजिक कार्यकर्ता तथा स्थानीय प्रतिनिधि शामिल रहे। चित्रा सरवना ने मंत्री के सामने अंबाला कैंट के सदर बाजार और आसपास की जमीनों से जुड़े लोगों की समस्याएं रखीं।
उन्होंने कहा कि सदर बाजार अंबाला कैंट का प्रमुख व्यावसायिक केंद्र है, लेकिन जमीनें फ्री-होल्ड नहीं होने के कारण लंबे समय से यहां के लोगों को कई परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। जमीन का पूर्ण मालिकाना अधिकार नहीं होने से रजिस्ट्री कराने, संपत्ति के आधार पर बैंक से ऋण लेने और अन्य कानूनी प्रक्रियाओं में दिक्कतें आती हैं।
चित्रा सरवना ने आरोप लगाया कि पूर्व में निकाय मंत्रालय स्थानीय नेताओं और सरकार के पास रहने के बावजूद इस दशकों पुराने मुद्दे का स्थायी समाधान नहीं किया गया। उन्होंने कहा कि अब लोगों को उम्मीद है कि सरकार इस मामले में ठोस कदम उठाएगी।
प्रतिनिधिमंडल ने मंत्री से मांग की कि एक्स-आबकारी क्षेत्र की जमीनों को फ्री-होल्ड करने की प्रक्रिया को जल्द आगे बढ़ाया जाए, ताकि स्थानीय निवासियों और कारोबारियों को संपत्ति पर पूर्ण मालिकाना अधिकार मिल सके।
चित्रा सरवना ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने जल्द इस मामले में कोई ठोस निर्णय नहीं लिया तो वे लोगों के साथ मिलकर सड़क से लेकर संबंधित मंत्रालयों तक अपनी आवाज बुलंद करेंगे।