Summer express/सोलन, भूपेंद्र-: नगर निगम सोलन के वार्ड नंबर 11 में अप्पर सूर्या विहार के समीप एक डस्टबिन से बड़ी संख्या में वोटर कार्ड मिलने का मामला सामने आया है। एक साथ 24 वोटर कार्ड बरामद होने के बाद इलाके में चर्चा का माहौल है। सूचना मिलने पर पुलिस टीम भी मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी गई।
जानकारी के अनुसार, डस्टबिन की जांच के दौरान एक के बाद एक कुल 24 वोटर कार्ड बरामद किए गए। इतनी संख्या में मतदाता पहचान पत्र एक ही स्थान पर मिलने से कई सवाल खड़े हो गए हैं। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि ये वोटर कार्ड किन लोगों के हैं और इन्हें डस्टबिन में किसने और क्यों फेंका।
जांच एजेंसियां यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही हैं कि सभी वोटर कार्ड एक ही स्थान से संबंधित हैं या अलग-अलग इलाकों के लोगों के हैं। इसके अलावा यह भी जांच की जा रही है कि कार्ड यहां किसी लापरवाही के चलते पहुंचे या इसके पीछे कोई अन्य वजह है।फिलहाल पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है। बरामद वोटर कार्डों की जानकारी जुटाने के साथ उनके यहां तक पहुंचने की कड़ी को भी खंगाला जा रहा है। पुलिस की जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।