Summer express , नई दिल्ली। श्रीनगर एयरपोर्ट पर शुक्रवार सुबह इंडिगो एयरलाइंस का एक यात्री विमान हादसे का शिकार होने से बाल-बाल बच गया। नवी मुंबई से श्रीनगर पहुंची इंडिगो की फ्लाइट 6E 225 लैंडिंग के बाद पार्किंग के दौरान एयरपोर्ट पर लगे विजुअल डॉकिंग गाइडेंस सिस्टम (VDGS) के पोल से टकरा गई। राहत की बात रही कि विमान में सवार सभी यात्री और क्रू सदस्य सुरक्षित हैं।
एयरलाइन के मुताबिक, यह घटना सुबह करीब 9:02 बजे उस समय हुई, जब विमान को बे नंबर-06 पर पार्क किया जा रहा था। इसी दौरान विमान का संपर्क VDGS पोल से हो गया। हादसे में किसी यात्री या चालक दल के सदस्य के घायल होने की सूचना नहीं है।
इंडिगो ने बताया कि घटना की वास्तविक वजह का पता विस्तृत जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा। फिलहाल एयरलाइन ने किसी संभावित कारण को लेकर कोई निष्कर्ष नहीं निकाला है। घटना के बावजूद श्रीनगर एयरपोर्ट का संचालन प्रभावित नहीं हुआ और विमानों की आवाजाही निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार जारी रही।