Summer express , पठानकोट। रात से जारी बारिश के बाद पठानकोट शहर के कई इलाकों में जलभराव की स्थिति गंभीर हो गई है। सुबह हुई तेज बारिश के कारण सड़कों पर दो से तीन फीट तक पानी जमा हो गया, जिससे जनजीवन प्रभावित हुआ। कई प्रमुख मार्गों पर वाहन धीमी गति से गुजरते नजर आए, जबकि लोगों को पैदल आने-जाने में भी काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
सबसे खराब स्थिति पठानकोट के सरकारी अस्पताल के आसपास देखने को मिली। अस्पताल के बाहर सड़क पूरी तरह पानी में डूब गई, वहीं बारिश का पानी अस्पताल परिसर के अंदर भी प्रवेश कर गया। इससे मरीजों, तीमारदारों और अस्पताल के कर्मचारियों को आवाजाही में दिक्कतों का सामना करना पड़ा। अस्पताल परिसर में भी जगह-जगह पानी जमा होने से हालात चिंताजनक बने रहे।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, शहर में रात से लगातार बारिश हो रही है, जिसके चलते निचले इलाकों में पानी भर गया। उनका आरोप है कि यदि नगर निगम की ओर से समय रहते नालियों और सीवरेज की सफाई करवाई गई होती तो बारिश का पानी आसानी से निकल सकता था। नालियों की सफाई नहीं होने के कारण पानी ओवरफ्लो होकर सड़कों पर जमा हो गया।
लगातार बारिश और जलभराव के कारण शहर की यातायात व्यवस्था भी प्रभावित हुई है। कई स्थानों पर वाहन चालकों को पानी के बीच से गुजरना पड़ा। लोगों ने प्रशासन और नगर निगम से जलनिकासी की व्यवस्था जल्द दुरुस्त करने तथा नालियों की नियमित सफाई कराने की मांग की है।
उधर, मौसम विभाग की ओर से बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया गया है। ऐसे में आने वाले घंटों में भी बारिश जारी रहने पर शहर के निचले इलाकों में जलभराव की समस्या और बढ़ने की आशंका है।