Summer express , अंकुर कपूर ,अंबाला। विद्यार्थियों को डाक टिकट संग्रह यानी फिलेटली से जोड़ने और देश के इतिहास व संस्कृति के प्रति उनकी रुचि बढ़ाने के उद्देश्य से डाक विभाग की ओर से ‘दीनदयाल स्पर्श योजना’ चलाई जा रही है। योजना के तहत छठी से नौवीं कक्षा तक के विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति प्रदान की जाती है। इस वर्ष पूरे हरियाणा से 40 विद्यार्थियों का चयन किया जाएगा और प्रत्येक चयनित विद्यार्थी को सालाना 6 हजार रुपये की छात्रवृत्ति दी जाएगी।
जीपीओ अंबाला छावनी के प्रवर डाकपाल प्रभात गोयल ने बताया कि योजना का लाभ लेने के लिए विद्यार्थियों का फिलेटलिक क्लब का सदस्य होना जरूरी है। विद्यार्थी 200 रुपये में फिलेटलिक अकाउंट खुलवा सकते हैं और इसके बाद योजना के लिए आवेदन कर सकते हैं। चयन प्रक्रिया के तहत एमसीक्यू आधारित परीक्षा आयोजित की जाएगी, जिसमें प्रदर्शन के आधार पर पूरे हरियाणा से 40 विद्यार्थियों का चयन किया जाएगा।
प्रभात गोयल ने बताया कि योजना का मुख्य उद्देश्य बच्चों में डाक टिकट संग्रह की रुचि विकसित करना है। उन्होंने कहा कि जिस तरह लोग पुराने और ऐतिहासिक सिक्कों का संग्रह करते हैं, उसी तरह डाक टिकटों का संग्रह भी ज्ञानवर्धक और रोचक शौक है। डाक टिकटों के माध्यम से विद्यार्थियों को देश के इतिहास, महापुरुषों, महत्वपूर्ण घटनाओं और विभिन्न क्षेत्रों से जुड़ी जानकारी हासिल करने का अवसर मिलता है।
उन्होंने बताया कि अंबाला छावनी जीपीओ और गुरुग्राम में फिलेटलिक क्लब संचालित किए जा रहे हैं। हालांकि फिलेटली से जुड़ी योजनाओं का लाभ पूरे हरियाणा के विद्यार्थी उठा सकते हैं। क्लबों के माध्यम से विद्यार्थियों को नई जारी होने वाली डाक टिकटों की जानकारी दी जाती है और उन्हें टिकट देखने व संग्रह करने के लिए प्रोत्साहित किया जाता है।
डाक विभाग की टीमें हरियाणा के विभिन्न स्कूलों में जाकर प्राचार्यों से संपर्क कर विद्यार्थियों को योजना की जानकारी दे रही हैं। विभाग के अनुसार, अब तक करीब एक हजार विद्यार्थी फिलेटली से जुड़ चुके हैं और उनके फिलेटलिक अकाउंट खोले जा चुके हैं। पिछले वर्ष अंबाला से 65 नए विद्यार्थी फिलेटली से जुड़े थे, जिनमें से 14 विद्यार्थियों का चयन योजना के लिए हुआ था।
प्रभात गोयल ने छठी से नौवीं कक्षा के विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों से अधिक से अधिक संख्या में योजना में भाग लेने की अपील की। उन्होंने बताया कि ‘दीनदयाल स्पर्श योजना’ के लिए आवेदन करने की अंतिम तिथि 10 सितंबर 2026 है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी डाक टिकटों के माध्यम से देश के इतिहास को जानने के साथ-साथ इस योजना के जरिए छात्रवृत्ति का लाभ भी उठा सकते हैं।