Summer express/हमीरपुर, अरविंद-: बिलासपुर जिले की एक युवती की शिकायत पर कार्रवाई करते हुए हमीरपुर पुलिस ने शादी का भरोसा देकर कथित तौर पर शारीरिक संबंध बनाने के मामले में एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान चबूतरा क्षेत्र निवासी युवक के रूप में हुई है। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने उसे अदालत में पेश किया, जहां से उसे तीन दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया।पुलिस के अनुसार, युवती ने बिलासपुर थाने में शिकायत दर्ज करवाते हुए आरोप लगाया था कि आरोपी ने उससे शादी करने का भरोसा दिलाया। इसी भरोसे के आधार पर दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और आरोपी ने कथित तौर पर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। युवती ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी उसे निजी होटलों में लेकर गया, जहां भी उसके साथ संबंध बनाए गए।
शिकायत में युवती ने आरोप लगाया कि युवक ने अपनी निजी जिंदगी से जुड़ी कुछ महत्वपूर्ण जानकारियां उससे छिपाईं। उसका कहना है कि आरोपी लगातार शादी का भरोसा देता रहा और इसी कारण वह उसकी बातों पर विश्वास करती रही। बाद में जब युवती को आरोपी की वास्तविक परिस्थितियों और कुछ तथ्यों की जानकारी हुई तो उसने पुलिस का रुख किया।मामला हमीरपुर क्षेत्र से संबंधित होने के कारण बिलासपुर पुलिस ने शिकायत को जांच के लिए हमीरपुर पुलिस के पास भेजा। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने आरोपों की जांच शुरू की और उपलब्ध तथ्यों के आधार पर बुधवार रात आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।एसपी हमीरपुर बलवीर सिंह ठाकुर ने बताया कि मामला बिलासपुर से ट्रांसफर होकर हमीरपुर पुलिस के पास आया है। शिकायतकर्ता बिलासपुर जिले की रहने वाली है, जबकि आरोपी हमीरपुर का स्थानीय निवासी है। उन्होंने कहा कि युवती को किन परिस्थितियों में कथित तौर पर गुमराह किया गया और पूरे मामले की वास्तविकता क्या है, इसकी जांच जारी है। पुलिस सभी संबंधित तथ्यों और परिस्थितियों को जांच में शामिल कर रही है।