Summer express ,बाबरी (शामली)। हरियाणवी गायक मासूम शर्मा ,पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. संजीव बालियान के साथ बंतीखेड़ा गांव पहुंचे। यहां उन्होंने दिवंगत अंकित बालियान के आवास पर पहुंचकर उनके परिजनों से मुलाकात की और दुख की घड़ी में परिवार के साथ खड़े रहने की बात कही। मासूम शर्मा ने अंकित के पिता और अन्य स्वजन से बातचीत कर उन्हें ढांढस बंधाया।
अंकित बालियान की हत्या के बाद हरियाणवी कलाकारों में भी चिंता का माहौल है। बुधवार को अंकित की तेरहवीं में शामिल होने पहुंचे पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. संजीव बालियान ने कहा था कि घटना के बाद हरियाणा की फिल्म और संगीत इंडस्ट्री में भय का वातावरण बना हुआ है। उन्होंने कहा था कि कई कलाकार चाहकर भी परिवार के दुख में शामिल होने के लिए सामने नहीं आ पा रहे हैं। हालांकि उन्होंने संकेत दिया था कि आने वाले दिनों में हरियाणवी कलाकार अंकित के परिवार से मिलने पहुंचेंगे।
इसी क्रम में दोपहर करीब ढाई बजे मासूम शर्मा अंकित बालियान के घर पहुंचे। उनके साथ हरियाणवी कलाकार खुशी बालियान भी मौजूद थीं। खुशी बालियान ने अंकित की पत्नी सीमा बालियान से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी। दोनों कलाकारों ने कहा कि प्रदेश में अपराध की घटनाओं को लेकर चिंता जरूर बढ़ी है, लेकिन हरियाणा पुलिस भी अपराध पर नियंत्रण के लिए काम कर रही है।
इस दौरान पूर्व विधायक उमेश मलिक और पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष मनीष चौहान भी अंकित बालियान के आवास पर पहुंचे। दोनों ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर अपनी संवेदना व्यक्त की और परिजनों को इस कठिन समय में हिम्मत बनाए रखने के लिए कहा।
अंकित बालियान की हत्या के बाद से मामले को लेकर पुलिस जांच जारी है। वहीं, घटना के बाद हरियाणवी कलाकारों और फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े लोगों की ओर से परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करने का सिलसिला भी जारी है।