Summer express, मोनिका रावत, चंडीगढ़ | हरियाणा में तीन आइपीएस अधिकारियों को दो दिन के अंतराल में ही फिर से स्थानांतरित कर दिया गया है। वीरवार को देर रात जारी आदेशों में पलवल की पुलिस अधीक्षक (एसपी) बनाईं गईं मेधा भूषण अब पानीपत जिला संभालेंगी।इसी तरह पानीपत की एसपी बनाईं गई दिप्ति गर्ग को अब पलवल की नई एसपी बनाया गया है। करनाल के एसपी नरेंद्र बिजारणिया को पहले करनाल के एसपी पद से स्थानांतरित कर एसटीएफ मुख्यालय में एसपी लगाया गया था, लेकिन अब उन्हें यहां से हटाकर कमांडेंट प्रथम आइआरबी (भौंडसी) में लगाया गया है। इसके साथ ही भौंडसी स्थित प्रथम आइआरबी में कार्यवाहक कमांडेंट लगाई गईं एचपीएस अधिकारी पूजा डाबला का तबादला आदेश रद कर दिया गया है।
गृह सचिव सुधीर राजपाल ने वीरवार देर रात 29 आइपीएस और एक एचपीएस अधिकारियों के स्थानांतरण आदेश जारी किए थे। शनिवार को तबादलों की एक और लिस्ट जारी करते हुए आठ आइपीएस और एक एचपीएस का स्थानांतरण किया गया है। डीसीपी झज्जर से स्थानांतरित की गईं आइपीएस दीप्ति गर्ग चूंकि पानीपत की ही मूल निवासी हैं, इसलिए गृह जिले में तैनाती व प्रशासनिक नियमों के चलते उन्होंने पदभार ग्रहण नहीं किया था। इसके बाद सरकार ने तुरंत संज्ञान लेते हुए तबादला आदेशों को संशोधित करते हुए उन्हें पलवल भेजा है। मेघा भूषण पूर्व में डीसीपी (ईस्ट) सोनीपत के पद पर तैनात थीं, जिन्हें वीरवार को पलवल की एसपी लगाया गया था। नए आदेशों में उन्हें एसपी पानीपत लगाया गया है।
वहीं, आइपीएस लोकेंद्र सिंह को एसपी सीआइडी-1 (सुरक्षा) तथा एटीएस प्रभार से स्थानांतरित कर एसपी राज्य अपराध ब्यूरो लगाया है। आइपीएस सुरिंदर सिंह भोरिया को एसपी एसटीएफ (पंचकूला) से बदलकर कमांडेंट, पांचवीं बटालियन, एचएपी (मधुबन) बनाया गया है। वरुण सिंगला एसपी सीआइडी (सुरक्षा) के साथ एसपी आतंक निरोधी दस्ते (एटीएस) का अतिरिक्त प्रभार संभालेंगे। विक्रांत भूषण को एसपी एसटीएफ से स्थानांतरित कर एसपी हरियाणा स्टेट नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो पंचकूला में नियुक्त किया गया है। अमित यशवर्धन एसपी सुरक्षा (सीआइडी) के दायित्वों के साथ एसपी कमांडो (नेवल) का अतिरिक्त कार्यभार भी देखेंगे। एसपीएस अनिल कुमार को एसपी एसटीएफ (करनाल) से बदलकर एसपी हरियाणा स्टेट नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (करनाल) की जिम्मेदारी दी गई है।