Summer express , पलवल | गांव धतीर में आयोजित कबड्डी प्रतियोगिता में भाजपा नेता उत्कर्ष चौधरी ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत कर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। इस दौरान उन्होंने युवाओं से खेलों में बढ़-चढ़कर भाग लेने और नशे से दूर रहने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने युवाओं को फिटनेस और खेलों के प्रति प्रेरित करते हुए ‘फिट रहेगा इंडिया, तो खेलेगा इंडिया और बढ़ेगा इंडिया’ का संदेश दिया है।
उत्कर्ष चौधरी ने कहा कि कबड्डी भारत की मिट्टी से जुड़ा पारंपरिक खेल है और इसे देश की ऐतिहासिक धरोहर के रूप में देखा जाता है। ग्रामीण क्षेत्रों में कबड्डी आज भी युवाओं के बीच काफी लोकप्रिय है। उन्होंने खिलाड़ियों से खेल भावना के साथ मैदान में उतरने और अनुशासन बनाए रखने की अपील की।
भाजपा नेता ने कहा कि कबड्डी में केवल शारीरिक ताकत ही महत्वपूर्ण नहीं होती, बल्कि सही समय पर रणनीति बनाना भी उतना ही जरूरी है। खिलाड़ी को प्रतिद्वंद्वी के पाले में जाकर दांव लगाते हुए अंक हासिल करने के साथ अपनी टीम के लिए बेहतर तालमेल भी बनाए रखना पड़ता है। उन्होंने कहा कि कबड्डी से यह सीख मिलती है कि कोई एक खिलाड़ी अंक जरूर हासिल कर सकता है, लेकिन जीत पूरी टीम की होती है। इसी तरह जीवन में भी संगठित होकर किए गए प्रयास सफलता की ओर ले जाते हैं।
उत्कर्ष चौधरी ने कबड्डी के खेल में अपनाई जाने वाली रणनीति को राजनीति से जोड़ते हुए कहा कि चाहे खेल का मैदान हो या राजनीति, सही समय पर सही रणनीति बनाना और टीम के साथ मिलकर आगे बढ़ना सफलता की महत्वपूर्ण कुंजी है। उन्होंने इस दौरान इशारों-इशारों में अपने राजनीतिक विरोधियों पर भी निशाना साधा।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ‘सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास’ के सिद्धांत पर काम कर रही है। सरकार की ओर से गरीबों, किसानों, मजदूरों, युवाओं और महिलाओं के हित में विभिन्न योजनाएं लागू की गई हैं। शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, रोजगार और अन्य मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करने पर भी सरकार विशेष ध्यान दे रही है।